हरियाणा : हरियाणा के पंचकुला में नकली रेमडेसिविर इंजेक्शन बेचने वाले गिरोह के सरगना को पुलिस ने धर दबोचा है। सीआईए वन ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया है कि शहर के सेक्टर 13-17 के प्रदीप ने नकली इंजेक्शन लोगों को दिए थे। जिसके बाद इसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब पूछताछ करेगी कि यह इंजेक्शन कहां बेचे गए हैं और कितने लोग इसमें शामिल रहे हैं। सीआइए-वन प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि आरोपित के हैदराबादी अस्पताल में दो मेडिकल स्टोर हैं।
वहीं इस मामले में गिरफ्तार शिवनगर के हिमांशु उर्फ गोलू और उसके जीजा सेक्टर 13-17 के आशीष उर्फ आशू, लाल पैथ लैब के एरिया मैनेजर इमरान और सैनी मेडिकल स्टोर के मालिक मनोज को अदालत में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। इससे पहले भी सीआईए की टीम ने कलंदर चौक के केशव उर्फ कन्नू, जलालपुर के सुनील और कच्चा कैंप गुरु नानकपुरा के सुमित को 19 रेमडेसिविर सहित गिरफ्तार किया था। तीनों ही गिरोह को सेक्टर 13-17 का प्रदीप ने नकली रेमडेसिविर इंजेक्शन बेचे थे। गिरोह में शामिल लोग निजी अस्पतालों के आसपास खड़े रहते थे और मरीजों के तीमारदारों को 25 से 30 हजार रुपये में एक इंजेक्शन बेच देते थे। पुलिस ने तीनों गिरोह से बरामद इंजेक्शन की जांच कराई तो पता चला कि ये नकली हैं।


