फरीदाबाद : कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच लॉकडाउन से बंद हुए कामकाज के बाद अब प्रवासी मजदूरों के सामने पिछले वर्ष के लॉकडाउन की तरह परेशानी बढ़ती जा रही है। फरीदाबाद में लॉकडाउन के दूसरे दिन ऑटो सहित निजी वाहनों के बंद होने के बाद लोगों को अब बस अड्डे तक पैदल चलकर जाना पड़ रहा है। सामान के साथ भीषण गर्मी में यह परेशानी मजदूरों का दर्द बढ़ा रही है। हालांकि, रोडवेज बसें अड्डे पर मिल रही हैं, मगर वहां तक पहुंचना अब एक चुनौती बनता जा रहा है। मजदूरों का कहना है कि हरियाणा सरकार ने लॉकडाउन अब एक सप्ताह का और बढ़ा दिया है। इससे उनको घर पहुंचना अब जरूरी हो गया है।
बसों में यात्रियों की संख्या हुई कम
वीकेंड लॉकडाउन और छुट्टी होने के चलते रविवार को प्रवासियों की संख्या अन्य दिनों के मुकाबले बेहद कम रही। इसी कारण एक बस को भरने में ड्राइवर व कंडक्टर को दो-तीन घंटे का समय लगा। क्योंकि रविवार को निजी बसें, टैक्सी व ऑटो पूरी तरह बंद रहे। हरियाणा रोडवेज के बस अड्डे पर रविवार सुबह कुछ प्रवासियों का पहुंचना शुरू हो गया। सुबह करीब 8 बजे तक मात्र दो बसें ही अलीगढ़ की ओर निकलीं। जिनमें सवारियों की संख्या मात्र 15 दिखाई दी। इसके बाद भी प्रवासियों का लगातार जाना जारी रहा। कोई अलीगढ़ तो कोई आगरा और मथुरा जाने के लिए बसों का इंतजार करने लगा। प्रवासियों की संख्या कम होने के चलते रोडवेज प्रशासन बसों को डिपो से कम निकाल रहा था। इधर, यूपी रोडवेज भी बस अड्डे के अंदर व बाहर से यात्रियों को भरने में लगी हुई थी। यूपी रोडवेज के ड्राइवर ने नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि सरकार के निर्देशों की पालना करनी पड़ रही है। सवारियों की संख्या पिछले दो दिनों से बेहद कम है। सवारियों को बुलाने के लिए गल्ला भी छील चुका है। उधर, अलीगढ़ जाने वाली हरियाणा रोडवेज की एक बस के ड्राइवर सतबीर ने बताया कि सरकार के आदेशों की पालना करनी पड़ रही है, लेकिन अलीगढ़ तक बस में पिछले दो दिनों से सवारियों की संख्या बेहद कम है। खासकर रविवार को तो सवारियों की संख्या बेहद कम रही।
रविवार को छुट्टी का दिन था, लेकिन प्रवासी आते रहे। इस कारण पूरे दिन में अलीगढ़ के लिए 9 बसें व आगरा के लिए 7 बसें रूट पर उतरी हैं। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन एक सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया, लेकिन अगले आदेश तक उनकी बसें लगातार सुचारु रूप से चलती रहेंगी।
