हरियाणा : हरियाणा के फतेहाबाद में कार्यवाहक जिला उपायुक्त डॉ. मुनीष नागपाल ने रविवार को लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते कहा कि कोविड-19 की रोकथाम के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी ईमानदारी व सच्ची लगन के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें। लापरवाही व कोताही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सरकार व जिला नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. महावीर सिंह के आदेशों की पालना में जिला में तत्परता से कोरोना उपचार व एंबुलेंस के रेट्स निर्धारित कर दिए गए है। उपायुक्त डॉ. नागपाल ने बताया कि हरियाणा सरकार ने प्राइवेट अस्पतालों के लिए प्रतिदिन के हिसाब से प्रति मरीज के कोरोना उपचार के रेट फिक्स किए है।

इस दौरान आरटीए सचिव शालिनी चेतल, एसडीएम कुलभूषण बंसल, गौरव अंतिल, भारत भूषण कौशिक, सीटीएम अंकिता वर्मा, डीएसपी दलजीत बेनीवाल, सीएमओ डा. गोबिद गुप्ता, उपनिदेशक डीआईसी जेसी लांग्यान, डीएफएससी विनीत गर्ग, डिप्टी सीएमओ डॉ. हनुमान सिंह, डा. सुनीता सोखी, मेजर डॉ. शरद तुली, पीओ आइसीडीएस राजबाला, डीएसब्डल्यूओ इंद्रा यादव, मार्केट कमेटी सचिव संजीव सचदेवा आदि मौजूद रहे।
निर्धारित से ज्यादा रेट वसूलने वाले अस्पतालों के लिए खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि नोन एनएबीएच अस्पतालों के लिए आइसोलेशन बेड्स (सपोर्टिव केयर व ऑक्सीजन के साथ) के लिए 8000 रुपये, बिना वेंटिलेटर केयर वाले आईसीयू के लिए 13000 रुपये तथा वेंटिलेटर केयर वाले आईसीयू के लिए 15000 रुपये निर्धारित किए है। इसी प्रकार से जेसीआई/एनएबीएच अस्पतालों के लिए आइसोलेशन बेड्स (सपोर्टिव केयर व ऑक्सीजन के साथ) के लिए 10000 रुपये, बिना वेंटिलेटर केयर वाले आईसीयू के लिए 15000 रुपये तथा वेंटिलेटर केयर वाले आईसीयू के लिए 18000 रुपये निर्धारित किए है। उन्होंने बताया कि बीएलएस एंबुलेंस के लिए प्रति किलोमीटर 7 रुपये तथा एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस/नियोनेट केयर एंबुलेंस के लिए 15 रुपये प्रति किलोमीटर निर्धारित किए है।


