फरीदाबाद : कोरोना के बढ़ते मामलों से निपटने के लिए बुधवार को केंद्रीय राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को कहा कि वह यह डाटा तैयार करें कि कोरोना के कुल कितने मरीजों को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि जब तक हमारे पास यह डाटा नहीं होगा तब तक हम यह सुनिश्चित नहीं कर पाएंगे कि हमें असल में कितनी ऑक्सीजन की जरूरत है और आने वाले वक्त में ऑक्सीजन की कितनी मांग और बढ़ सकती है इसके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री ने जिले में उपलब्ध कुल वेंटीलेटर्स ,आक्सीजन बेड जैसी जरूरी चीजों की भी जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के लोगों को भी सीएसआर के माध्यम से भी प्रेरित करें कि वह इस महामारी में प्रशासन का सहयोग करें। इस वीडियो कान्फ्रेंस में प्रदेश के राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव ने भी जिला प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि कोरोना के मरीज के इलाज में किसी चीज का अभाव नहीं रहना चाहिए। 2 दिन पहले मुख्यमंत्री खुद यहां आए थे और सरकार कोरोना से निपटने के लिए पूरी तरीके से सजग है। राज्यमंत्री ने कहा कि उनको सरकार के नाते इस जिले की जिम्मेदारी मिली है और उनका लक्ष्य है कि जल्द से जल्द इस इलाके में कोरोना पर नियंत्रण पाया जाए। जिला उपायुक्त ने इस बैठक में बताया कि जिला प्रशासन जिले में मौजूद हर संसाधन का इस महामारी में इस्तेमाल कर रहा है और आने वाले वक्त में स्थिति को पूरे तरीकें से नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है । इस मौके पर उपायुक्त धीरेन्द्र खड़गटा, मैडिकल कालेज की निदेशक डा संगीता, सिविल सर्जन डा सुरेन्द्र यादव, एसडीएम नूंह संजीव कुमार, एसडीएम तावडू डा नरेश कुमार, एसडीएम पुन्हाना रणवीर सिंह, एसडीएम फिरोजपुर – झिरका रिगन कुमार मौजूद रहे।
