फरीदाबाद : कोरोना काल में खाद्य सामग्री की काली बाजारी करने वालों पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग शिकंजा कसेगा। इसके लिए विभाग ने एक इंस्पेक्टर व तीन सब इंस्पेक्टर को मार्केट में उतारा है। जो प्रतिदिन 5-7 थोक व रिटेलर का स्टॉक की जांच करेंगे और रेट की भी जांच करेंगे। यदि ऐसे में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी मिली तो उस दुकानदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग बल्लभगढ़ के सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी भारत भूषण ने बताया कि कोरोना कॉल में कुछ दुकानदार खाद्य सामग्री की कालाबाजारी करने में लगे हुए हैं। जिनकी पिछले कई दिनों से शिकायत आ रही थी। इस मामले में एसडीएम अपराजिता ने स्वयं मार्केट में जाकर थोक व रिटेल दुकानदारों से रेट लिस्ट लगाने के लिए कहा था। उसके बाद काफी दुकानदारों ने रेट लिस्ट लगा भी ली।उसके बाद भी काली बाजारी की शिकायत मिल रही है। अब इस मामले में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक अशोक कुमार ने सख्त आदेश दिए हैं और अधिकारियों की डयूटी निश्चित करने के आदेश दिए हैं। जो प्रतिदिन पांच- दुकानों का स्टॉक व रेट आदि की चैकिंग करेंगे। जिसकी रिपोर्ट प्रतिदिन जिला नियंत्रक को सौंपनी होगी। उन्होंने काला बाजारी करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी है यदि कोई भी दुकानदार पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कोरोनाकाल में खाद्य वस्तुओं की कालाबाजारी पर अंकुश के लिए एक इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर और उनके साथ विभाग के कर्मचारियों को दुकानों का निरीक्षण करने के आदेश दिए गए हैं। जो प्रतिदिन दुकानों पर औचक निरीक्षण कर गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई करेंगे।
