फरीदाबाद : [मिथलेश मिश्रा ] प्रदेश में विस्फोटक स्थिति से गुजर रहे कोविड-19 से निपटने के लिए प्रदेश सरकार पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही है। संकट के समय में प्रदेश सरकार हरियाणा में कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर कदम उठा रही है, हमें भी इसमें सहयोग करने की जरूरत है। अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सुरेन्द्र शर्मा बबली ने उक्त विचार व्यक्त करते हुए प्रदेश की सभी सामाजिक संस्थाओं से अपील की, कि इस विकट परिस्थिति में महामारी से उबरने के लिए सहयोग करें। मुझे उम्मीद है कि प्रदेश की सभी सामाजिक संस्थाएं कंधे से कंधा मिलाकर साथ देते हुए प्रदेश को इस संकट से उबार लेंगी।
उन्होंने लोगों से प्लाज्मा दान करने की अपील करते हुए कहा कि अगर आप किसी ऐसे साथी को जानते हो, जिनको मार्च और अप्रैल में कोरोना होकर ठीक हुआ हो, तो हमें उनका मोबाइल नंबर देने की कृपा करें ताकि उनसे प्लाज्मा दान के लिए संपर्क कर सकें, क्योंकि प्लाज्मा से कोरोना संक्रमित लोगो को ठीक किया जा सकता है। आपके प्रयास से किसी को नई जिंदगी मिल सकती है। उन्होंने आम जनमानस का भी आह्वान किया कि कोरोना प्रोटोकॉल अथवा गाइडलाइन का पूरी ईमानदारी के साथ में स्वयं सहित अन्य के स्वस्थ रहने के लिए पालन किया जाना अति आवश्यक और समय की मांग है । आज के दौर में स्वास्थ्य विभाग, शासन-प्रशासन और सरकार का कोरोना महामारी पर नियंत्रण पाने के साथ-साथ पराजित करने में भी अपना सक्रिय योगदान करें। जिससे कि घर-परिवार, समाज और इसके साथ ही राष्ट्र पूरी तरह से स्वस्थ बन सके।
