कोरोना काल में सरकारी निर्देशों का पालन करवाने को लेकर पंजाब पुलिस का क्रूर चेहरा सबके सामने आया है। चर्चा में रहने वाले थाना सिटी के एचएचओ नवदीप सिंह को बुधवार को इतना गुस्सा आया कि उन्होंने सराय रोड पर एक सब्जी विक्रेता की सब्जी की टोकरी में लात मारकर उसे गिरा दिया। हालांकि इसका उन्हें भारी खामियाजा उठाना पड़ा है। एसएसपी कपूरथला कंवरदीप कौर ने उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए हैं।
एसएचओ की इस हरकत से क्षेत्र में हडकंप मच गया। इस बीच किसी ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी कंवरदीप कौर ने एसएचओ नवदीप सिंह को बदल दिया। उनकी जगह पर बलविंदर सिंह को थाना सिटी का एसएचओ लगाया गया है। बाद में डीजीपी दिनकर गुप्ता ने नवदीप सिंह को इस हरकत के लिए सस्पेंड कर दिया।
1- एसएचओ नवदीप सिंह अपनी गाड़ी से उतरते ही सब्जी की दुकान की तरफ बढ़ते हैं।
एसएचओ नवदीप सिंह बुधवार को सराय रोड पर लगने वाली सब्जी की रेहड़ियों के पास पहुंचे थे। वहां किसी बात को लेकर इतने गुस्से में आ गए कि उन्होंने अपना आपा खो दिया और एक फड़ी पर सब्जी की टोकरी पर लात मारकर उसे गिरा दिया। यह देख वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच किसी वीडियो बनाकर वायरल कर दिया जो कि पूरे पंजाब में चर्चा का विषय बना हुआ है।
2- फिर, वह कुछ कहे सुने बगैर वह सीधे मिर्च की टोकरी की तरफ बढ़ते हैं।
नवदीप सिंह अक्सर किसी न किसी बात को लेकर चर्चा में रहते हैं। उनके फगवाड़ा में एसएचओ लगने के बाद से चोरी और अन्य कई आपराधिक मामले भी हुए जिन्हें पुलिस सुलझा नहीं पाई। नवदीप सिंह पर यह आरोप लगते रहे हैं कि वह सरकार की हिदायतों का पालन करवाने के नाम पर आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। अब एक गरीब सब्जी विक्रेता के साथ एसएचओ का इस तरह का व्यवहार खाकी की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगा रहा है। एसएचओ के व्यवहार पर लोग भी हैरानी जता रहे हैं।
3- इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता नवदीप सिंह मिर्च की टोकरी को लात मारकर बिखेर देते हैं।
सरकारी नियमों का पालन होना चाहिए लेकिन ऐसे नहीं
आम लोगों का कहना है कि कोविड-19 का लगातार बढऩा भारी चिंता का विषय है। सरकारी नियमों व कानून का पालन करना भी बेहद जरूरी है। पुलिस प्रशासन का भी फर्ज है कि सरकारी आदेशों का पालन करवाए लेकिन किसी गरीब के साथ पुलिस का ऐसा व्यवहार निंदनीय है। गरीब सब्जी विक्रेता के साथ ऐसा व्यवहार करने वाले पुलिस अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
4- अंत में, एक बार को अपनी गाड़ी में दोबार बैठने की कोशिश करते हैं पर फिर आगे बढ़ जाते हैं।
पीसीआर इंचार्ज का भी तबादला
थाना सिटी के एसएचओ नवदीप सिंह की ओर से जब सब्जी विक्रेता की सब्जी को लात मारकर गिराया गया तो उस समय पीसीआर इंचार्ज बलजिंदर सिंह मल्ली सहित अन्य पुलिस कर्मचारी भी उनके साथ थे। एसएसपी कंवरदीप कौर ने नवदीप सिंह के साथ-साथ बलजिंदर सिंह मल्ली का भी तबादला कर दिया है। उन्हें पुलिस लाइन कपूरथला भेज दिया गया है। उनकी जगह पर सुमिंदर सिंह को पीसीआर फगवाड़ा के इंचार्ज का अतिरिक्त चार्ज दे दिया गया है।
एसएचओ नवदीप सस्पेंड, डीजीपी ने किया ट्वीट
इस मामले को डीजीपी पंजाब दिनकर गुप्ता ने शर्मनाक और न बर्दाश्त करने वाला कृत्य बताया है। डीजीपी ने ट्वीट करके कहा कि पुलिस इस तरह का व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। इसके लिए एसएचओ नवदीप सिंह को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड किया जाता है। अगर कोई अन्य इसमें शामिल मिला पाया गया तो उसके खिलाफ भी सख्त एक्शन लिया जाएगा।
