फरीदाबाद : कोरोना संक्रमण रोकने के लिए नगर निगम के सभी 40 वार्ड में सैनिटाइजिंग की जाएगी। इसके लिए नगर निगम फरीदाबाद की आयुक्त गरिमा मित्तल ने नगर निगम के मुख्य अभियंता रामजी लाल को 40 वार्ड में सैनिटाइजेशन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वह सभी कार्यकारी अभियंताओं से अपने-अपने वार्डों में प्रतिदिन सैनिटाइजिंग का कार्य करवाएंगे और उसकी प्रतिदिन की रिपोर्ट शाम को पांच बजे तक आयुक्त कार्यालय में प्रस्तुत करे।
गुरुवार को निगमायुक्त के आदेशानुसार इंजीनियरिंग विभाग की टीमों द्वारा कोरोना वायरस के विस्तार को रोकने के लिए शहर के अनेक पार्कों, सार्वजनिक स्थानों, बाजार तथा कान्टेनमेन्ट जोनों में कर्मचारियों, फायर बिग्रेड की गाड़ियों तथा छोटी-बड़ी मशीनों से सैनिटाईजर का छिड़काव किया गया। निगमायुक्त गरिमा मित्तल ने शहर में कोरोना संक्रमण के विस्तार को लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशा निर्देश जारी किए है कि फरीदाबाद के पार्कों, सार्वजनिक स्थानों, बाजार तथा कन्टेनमेन्ट जोनों में प्रतिदिन घरों, गली-मौहल्लों व बाजारों को सैनिटाइज करवाने के साथ-साथ कोरोना वायरस से बचने के लिए लोगों को जागरूक भी करें।
