फरीदाबाद : [ पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] ऑक्सीजन गैस सिलेंडर को पहले के मुकाबले अब थोड़ी राहत है। ऑनलाइन बुकिंग के ढाई घंटे बाद ही तिमारदारों को ऑक्सीजन मिलने का संदेश आने लगा है। इस संदेश के बाद लोग ऑक्सीजन लेने के लिए सेक्टर-24 स्थित भागीरथी प्लांट पहुंचे, जहां उन्हें तीन घंटे की वेटिंग के बाद ऑकसीजन का सिलेंडर मिला। इस बीच, पुलिस ने लोगों को धूप से बचाने के लिए टेंट की व्यवस्था कराई है। साथ ही पीने के पानी की व्यवस्था की है। इसकी सभी सराहना कर रहे हैं।
कुछ ऐसे भी लोग होते हैं, जो केवल अपनों की नहीं अपितु दूसरों की मदद में आगे रहते हैं। सेक्टर-22 में रहने वाला पवन इनमें एक है। अपना कामकाज छोड़कर एक बुजुर्ग दम्पति की मदद करने के लिए खुद ऑक्सीजन का सिलेंडर भरवाने के लिए यहां कतार में लगा हुआ था। उसने बताया कि उनके पड़ोस में 75 वर्षीय एक बुजुर्ग कोरोना संक्रमित हैं। उनकी पत्नी भी बीमार है। उनके घर में कोई देखरेख करने वाला नहीं है। इसके चलते वह पिछले 10 दिनों से उनकी सेवाभाव में लगा हुआ है। उसने शुक्रवार को ऑनलाइन ऑक्सीजन बुक कराई थी। इसके ढाई घंटे बाद उन्हें ऑक्सीजन मिलने का संदेश आया। इस संदेश के आधार पर वह सीधा सेक्टर-24 स्थित भागीरथी गैस प्लांट पहुंचा, लेकिन उसके लाइन में लगते-लगते गैस खत्म हो गई थी। इसे लेकर वह शनिवार सुबह एक बार फिर आकर कतार में लगा। जहां उसे साढ़े तीन घंटे बाद गैस मिल गई। पवन का कहना है कि बुजुर्ग वह भी बीमार,ऐसे में उनका कर्तव्य बनता है कि पड़ोसी के नाते उनकी सेवा की जाए।
पानी की भी व्यवस्था कराई
मुजेसर थाना पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश की है। ऑक्सीजन गैस सिलेंडर लेने आए लोगों की हर दिन अच्छी खासी भीड़ लगी रहती है। ऐसे में तिमारदारों को घंटों तक लाइन में लगते वक्त धूप में खड़ा रहना पड़ता है। लोगों की इस समस्या को देखते हुए एसएचओ मुजेसर संदीप कुमार ने टेंट की व्यवस्था कराई है। साथ ही पीने के पानी की व्यवस्था की है, जबकि अन्य प्लांट पर इस तरह की व्यवस्था नहीं है। ऑक्सीजन गैस सिलेंडर लेने आए तिमारदारों ने कहा कि यह पुलिस का वाकई सराहनीय कार्य है। अब तक गर्मी में यहां खड़े होने तक की जगह नहीं थी। थाना प्रभारी का कहना है कि लोगों की परेशानी को देखते हुए यह कदम उठाया है।
कोई बांट रहा था मिनरल वाटर की बोतल तो कोई फ्रूटी
समाज में हर तरह के लोग हाते हैं। शनिवार को एक कार सेक्टर-24 स्थित ऑक्सीजन गैस प्लांट के समीप आकर रुकी। उसमें से उतरे दो लोगों में से एक ने कतार में लगे लोगों को मिनरल वाटर की बोतल बांटनी शुरू कर दी तथा दूसरे ने फ्रूटी बांटी। पवन ने बताया कि उनके सेवाभाव को देख उनका मन गदगद हो गया।
