हरियाणा : हरियाणा में कोरोना के विरुद्ध लड़ी जा रही लड़ाई के विरुद्ध कांग्रेस ने भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार की तैयारियों पर बड़े सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल और प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने जहां एक के बाद एक कई जिलों के कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उन्हें जनता को राहत दिलाने के निर्देश दिए, वहीं दोनों नेताओं ने कहा कि सब कुछ सरकार के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता।
सरकार की कोरोना से जंग पर कांग्रेस ने उठाए गंभीर सवाल
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल और सैलजा ने पहले संयुक्त रूप से करनाल जिले की कोविड रिलीफ कमेटी के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक की। उसके बाद सैलजा ने फतेहाबाद, महेंद्रगढ़ और कैथल जिलों की कोविड रिलीफ कमेटियों के साथ संवाद कर लोगों को राहत पहुंचाने के लिए किए जा रहे कामों की समीक्षा की। विवेक बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल कोरोना महामारी से निपटने में पूरी तरह विफल रहे हैं। इस कारण हरियाणा में कोरोना बहुत तेजी से पांव पसार रहा है। ऐसी विकट परिस्थितियों में हरियाणा के कांग्रेसजनों द्वारा लोगों की जो मदद की जा रही है, वह बहुत ही सराहनीय है। पिछले एक वर्ष में तैयारी करने की बजाय भाजपा सरकारें हाथ पर हाथ धरे आराम से बैठी रहीं। यदि पिछले एक वर्ष में कोरोना महामारी को लेकर तैयारियां की गईं होती तो आज हालात इस तरह भयावह न होते। सैलजा ने कहा कि कोरोना संक्रमण के आंकड़े लगातार बढ़ते जा रहे हैं। न तो टेस्टिंग हो रही है और न ही टेस्ट की रिपोर्ट समय पर मिल रही है। आज प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में हर तीसरे घर में लोगों को बुखार, खांसी और जुकाम है। यदि व्यापक स्तर पर टेस्टिंग की जाए तो संक्रमितों का आंकड़ा कई गुणा अधिक होगा। गांवों में फैल रहे कोरोना संक्रमण को लेकर उन्होंने सरकार को कुछ दिन पहले चेताया था, परंतु सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना की रोकथाम को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।

