नई दिल्ली : कोविड-19 महामारी के दूसरे चरण के प्रसार को देखते हुए विभिन्न केंद्र व राज्यों की सरकारों द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने के साथ-साथ चिकित्साकर्मियों की भर्ती की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। एक तरफ जहां रेलवे और कई अन्य केंद्रीय विभागों के साथ-साथ दिल्ली, बिहार और अन्य राज्यों में मेडिकल और पैरा-मेडिकल स्टाफ की भर्ती की जा रही है, तो वहीं दूसरी ओर तेलंगाना सरकार ने रविवार, 9 मई 2021 को मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की समीक्षा बैठक के बाद कोविड-19 ड्यूटी के लिए 50 हजार एमबीबीएस स्टूडेंट्स की भर्ती की घोषणा की थी। इसी क्रम में तेलंगाना सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा और परिवार कल्याण विभाग की तरफ 50 हजार एमबीबीएस की भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है। विभाग द्वारा तेलंगाना मेडिकल रिक्रूटमेंट 2021 के अंतर्गत 50,000 एमबीबीएस की भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म सोमवार, 10 मई 2021 को ऑफिशियल वेबसाइट, odls.telangana.gov.in पर उपलब्ध कराया गया। बता दें कि यह भर्ती दो से तीन माह के लिए की जानी है।

50,000 एमबीबीएस भर्ती के लिए ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
तेलंगाना मेडिकल रिक्रूटमेंट 2021 के अंतर्गत 50,000 एमबीबीएस की भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के इच्छुक उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट, odls.telangana.gov.in पर विजिट करने के बाद सम्बन्धित भर्ती के लिए रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन पेज पर मांगे गये विवरणों को भरकर सबमिट करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कन्फर्मेशन पेज और फॉर्म का प्रिंट लेने के बाद सॉफ्ट कॉपी भी भविष्य की जरूरतों को देखते हुए सेव कर लें।दूसरी तरफ मेडिकल और पैरा-मेडिकल फील्ड से जुड़े प्रोफेशनल्स को ध्यान देना चाहिए की तेलंगाना सरकार ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा से सम्बन्धित अधिकारियों को कोविड-19 के उपचार में तैनाती के लिए डॉक्टर, नर्स, लैब टेक्निशियन, फार्मासिस्ट और अन्य पैरा-मेडिकल स्टाफ की जल्द से जल्द भर्ती के लिए निर्देश दिये हैं।
