देश में कोरोना का कहर जारी है. हर दिन भारत में रिकॉर्ड नए मामले सामने आ रहे हैं. कोरोना की वजह से देश के ज्यादातर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां लागू हैं. इन सबके बीच हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार ने गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को 5-5 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का फैसला किया है.
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा, ‘गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को 5 हजार रुपये देने का फैसला लिया गया है, क्योंकि उनकी रोजी-रोटी बंद हो गई है और उन्हें कोविड की वजह घर में ही रहना है. उन्हें बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने घोषणा की थी कि सामान्य श्रेणी के जो मरीज किसी निजी अस्पताल में भर्ती हैं और ऑक्सीजन या ICU सपोर्ट पर हैं, उन्हें राज्य सरकार अधिकतम 7 दिनों के लिए प्रतिदिन प्रति मरीज 5,000 रुपये की सहायता देगी. वहीं, जो BPL श्रेणी से संबंधित हैं, उन्हें 35,000 रुपये की मदद मिलेगी
