फरीदाबाद : [मिथलेश मिश्रा ] उपायुक्त यशपाल ने कहा कि जिला में कोविड-19 से निपटने के लिए टेस्ट की संख्या बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों से होने वाली टेस्टिंग की रिपोर्ट समय से प्राप्त हो रही है लेकिन कुछ प्राइवेट लैब समय से जांच रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर रही हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग इन सभी प्राइवेट लैब की सूची तैयार करें और उन्हें निर्देश दें कि वह निर्धारित समय में टेस्टिंग रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
उपायुक्त ने कहा कि अगर कोई लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई भी की जाए। उपायुक्त यशपाल बुधवार को जिला में कोविड-19 स्थिति व किए गए कार्यों को लेकर सभी इंसिडेंट कमांडरों वह अन्य अधिकारियों की दैनिक समीक्षा मीटिंग में निर्देश दे रहे थे। उपायुक्त यशपाल ने मीटिंग में निर्देश दिए कि सभी अस्पतालों को उनके यहां भर्ती मरीजों की सूची प्रतिदिन पोर्टल पर अपडेट करनी है।
उन्होंने बताया कि कुछ अस्पतालों की बुधवार को ट्रेनिंग भी करवाई गई है ताकि उन्हें सूची अपडेट करने में कोई दिक्कत ना हो। इस दौरान उपायुक्त ने जिला के सभी आठ इंसीडेंट कमांडर से उनके क्षेत्र में कोविड-19 की स्थिति और उनके द्वारा की गई कांटेक्ट ट्रेसिंग के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी इंसीडेंट कमांडर मेडिकल किट वितरण व अन्य कार्यों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी शामिल करें ताकि अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि कोविड-19 के व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी तरह की ढील नहीं होनी चाहिए।
