फरीदाबाद : [प्रमिला ] जिले में कोरोना मरीजों के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति धीरे-धीरे सामान्य होती जा रही है। राज्य सरकार के आदेश के बाद गंभीर मरीजों को जिला प्रशासन भी लोगों को घरों के लिए भी ऑक्सीजन उपलब्ध करवा रहा है। अब ऑक्सीजन के लिए लोगों को चक्कर लगाने की जरूरत नहीं रही है। वहीं जिले के निजी व सरकारी अस्पतालों में अभी हालात सामान्य नहीं हुई हैं। लेकिन बेडों की मारामारी कम हो गई है। लेकिन आज भी आईसीयू और ऑक्सीजन बेड के लिए गंभीर मरीजों के परिजनों को मशक्कत करनी पड़ती है। तभी जाकर उन्हें बेड मिल रहे हैं।

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में एक्टीव मरीजों में 1721 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं और 7451 मरीज होम आईसोलेशन में हैं। डिप्टी सीएमओ डॉ. रामभगत की माने तो शुक्रवार को 8427 मरीजों की कोरोना जांच की गई, जिसमें से 1245 मरीजों की कोविड टेस्ट रिपोर्ट आना बाकि थी। जबकि कोरोना मरीजों का पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 12.4 फीसदी पहुंच गया है, 113 दिन में मरीज दोगुने हो रहे हैं। वर्तमान में जिले में 93853 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं जबकि कोरोना से 84062 मरीज पूरी तरह से ठीक हुए हैं। आईसीयू मे 817 मरीज और वेंटीलेटर पर 89 मरीज भर्ती हैं। कोरोना से सही होने वालों की संख्या 1217 रही है।
