फरीदाबाद : [मिथलेश मिश्रा ] कोरोना से संबंधित सभी प्रकार की जानकारी एक प्लेटफार्म पर उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने वेबसाइट व एप लांच किया है। इस पर कोई भी व्यक्ति घर बैठे आक्सीजन, प्लाज्मा, टेस्ट रिपोर्ट, एंबुलेंस सेवा आदि की जानकारी ले सकेंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने इस वेबसाइट व एप को लांच किया।
उन्होंने कहा कि लोगेों की मदद के लिए ही जिला प्रशासन द्वारा (कोविड फरीदाबाद डॉट कॉम) covidfaridabad.com वेबसाइट में मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया है। इस वेबसाइट व मोबाइल ऐप पर फरीदाबाद की जनता को कोविड-19 से संबंधित प्रत्येक सूचना उपलब्ध होगी। आपदा के दौरान होने वाली किसी भी परेशानी व सहायता के लिए लॉगइन कर सकता है। इसे बनाने वाली पहचान फरीदाबाद एनजीओ की संस्थापक अनिला बंसल ने बताया कि इस वेबसाइट में मोबाइल ऐप पर हेल्पलाइन, कांटेक्ट ट्रेसिंग, वैक्सीनेशन सेंटर, कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट, प्लाज्मा, ऑक्सीजन, एंबुलेंस सेवा, बेड, आइसोलेशन, होम केयर व होम आइसोलेशन, टिफिन सर्विस, फार्मेसी आरटीपीसीआर सहित सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
प्रदेश में पहली तरह की है ये वेबसाइट
फरीदाबाद के सेक्टर दस निवासी अनिला बंसल ने दैनिक भास्कर को बताया कि कोविड फरीदाबाद डॉट कॉम वेबसाइट लोगों को कई तरह की समस्याओं का समाधान बताने वाली एक इंटीग्रेटिड वेबसाइट है। इस वेबसाइट में सभी उपलब्ध सरकारी व गैर सरकारी सुविधाओं की वेबसाइट के लिंक और विवरण भी हैं। इंटरप्रिन्योरशिप लंदन से पढ़ाई पूरी करने वाली 24 वर्षीय अनिला ने बताया कि उन्हाेंने गार्गी कॉलेज दिल्ली से अंग्रेजी आनर्स करने के बाद लंदन में पढ़ाई करने गयी थी। वर्ष 2020 में पढ़ाई पूरी कर लौटी हैं।
वेबसाइट पर ये दिखेंगी
इस वेबसाइट पर पहुंचते ही सबसे पहले आपको फरीदाबाद में संक्रमण से ठीक हुए लोगों की संख्या दिखाई देगी। इसके बाद जिला फरीदाबाद में कोरोना संबंधित जो भी हेल्पलाइन के नंबर हैं, वे दिखाई देंगे। वेबसाइट पर फरीदाबाद जिला में जितनी भी सुविधाएं शासन-प्रशासन ने उपलब्ध कराई हैं,उनका विवरण होगा। इसमें सबसे पहले कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग का बाक्स दिखाई देगा। जिस पर क्लिक करते ही एक फार्म सामने आएगा। इसमें यह विवरण भरना होगा कि संक्रमित किस-किस के संपर्क में आए।
इसके इन सुविधाओं की मिलेगी जानकारी
-फरीदाबाद जिला में वैक्सीनेशन के लिए बने केंद्रों का विवरण
-फरीदाबाद में प्रतिदिन हुए कोरोना टेस्ट के परिणाम
-फरीदाबाद में उपलब्ध आक्सीजन केंद्रों का विवरण
-फरीदाबाद में प्लाज्मा उपलब्ध कराने के केंद्र व संस्थानों का विवरण
-रेमडेसिविर और टोसिलीमुआब इंजेक्शन की उपलब्धता और फार्म
-फरीदाबाद जिला में एंबुलेंस सर्विसिज का विवरण
-सरकारी व निजी अस्पतालों सहित कोविड केयर सेंटर में उपलब्ध बेड का विवरण
-आइएमए से जुड़े वरिष्ठ डाक्टरों द्वारा कोरोना संक्रमितों को घर पर दिए जा रहे चिकित्सा परामर्श का विवरण
-कोरोना संक्रमितों के लिए घर पर हेल्थ सुविधा उपलब्ध कराने वाले संस्थानों का विवरण
-संक्रमित मरीजों के लिए फरीदाबाद में उपलब्ध टिफिर सर्विस का विवरण
फरीदाबाद में मेडिकल फार्मेसी शॉप का विवरण
-आरटी-पीसीआर टेस्ट की सुविधा जहां उपलब्ध हैं, उन केंद्रों का विवरण
कोविड काल में जन सहायता के लिए जिन अधिकारियों की सेवाएं उपलब्ध हैं, उनका विवरण आदि।
