दिल्ली : दिल्ली के द्वारका मोड़ इलाके में दो मंजिला इमारत के भूतल में रविवार देर रात आग लग गई, हालांकि वहां रहने वाले एक परिवार के सभी पांच सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। वहीं इस घटना के बाद पार्किंग में खड़ी दो कारों और दो दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए।
देर रात घटी घटना
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें रविवार देर रात एक बजकर 24 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली और दमकल विभाग की छह गाड़ियों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। दिल्ली दमकल सेवा के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि इमारत के भूतल में पार्किंग में खड़ी दो कारों और दो दोपहिया वाहनों में आग लग गई थी।
5 लोग निकाले गए सुरक्षित
पहली मंजिल से पांच लोगों को बचाया गया और आग पर देर रात करीब ढाई बजे काबू पा लिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि दमकल कर्मियों ने जगदीश (58), उनकी पत्नी सुनीता (42) उनके बच्चों मोहित (25), रोहित (23) और एकता (20) को बचाया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है।
