
हरियाणा : हरियाणा प्रदेश में कोरोना से प्रभावित लोगों में ब्लैक फंगस यानि म्यूकोरमाइकोसिस की बीमारी लगातार फैल रही है। इस खतरनाक बीमारी का असर राज्य के करीब 14 जिलों में सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। जिसके चलते राज्य में पिछले 24 घंटे के अंदर ब्लैक फंगस के 48 नए केस आए है। साथ ही कई अस्पतालों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 268 हो गई है। इन मरीजों में से 24 के लिए स्वास्थ्य विभाग की टेक्निकल कमेटी द्वारा चार-चार वायल के इंजेक्शन की उपलब्धता कराई गई है। राज्य में ब्लैक फंगस से अबतक आठ लोगों की मौत हो चुकी है।ब्लैक फंगस के बढ़ते प्रकोप से चिंतित हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हरियाणा के अधिकारियों के साथ बैठक की है। अनिल विज ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एक करोड़ कोरोना वैक्सीन के साथ ही ब्लैक फंगस के इलाज में इस्तेमाल होने वाले इंजेक्शन एम्फोटेरिसिन बी और टोसिलिजुमैब की खरीद के लिए ग्लोबल टेंडर जारी किए जाएंगे।
वहीं अनिल विज ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से आगे ये भी कहा कि वह विभाग के एक्सपर्ट डाक्टरों के साथ बैठक करेंगे। जिसमें वह इन दोनों इंजेक्शन का कोई सर्वमान्य विकल्प सामने लाने के लिए जरूरी चर्चा करेंगे। जिससे मरीजों को एम्फोटेरिसिन बी और टोसिलिजुमैब के लिए ज्यादा इंतजार ना करना पड़े।उधर, एनएचएम हरियाणा के मिशन डायरेक्टर प्रभजोत सिंह बताते है कि ब्लैक फंगस से सिरसा में सबसे ज्यादा चार, गुरुग्राम में तीन और सोनीपत में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। गंभीर बीमारी ब्लैक फंगस का प्रकोप राज्य के 14 जिलों में सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है।आपको बता दें कि राज्य में पंचकूला में चार, अंबाला में सात, भिवानी में 10, फरीदाबाद में 40, फतेहाबाद में पांच, गुरुग्राम में 109, हिसार में 23, जींद में दो, करनाल में 11, पलवल में एक, पानीपत में आठ, रेवाड़ी में तीन, रोहतक में 20, सिरसा में 24 और सोनीपत में ब्लैक फंगस का एक केस सामने आया है।वहीं इसको लेकर ठोस कदम उठाते हुए अनिल विज ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने-अपने जिलों के डाक्टरों के संपर्क में रहें। ब्लैक फंगस का कोई भी मामला सामने आने पर सरकार द्वारा अधिसूचित किए गए चार मेडिकल कालेजों में मरीज को रेफर किया जाए। वहां विशेषज्ञ डाक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जाएगा।
