
हरियाणा : हरियाणा सरकार ने अब अपना पिटारा खोलना शुरू कर दिया है। जिसके चलते सरकार द्वारा प्रदेश के किसानों, बीपीएल परिवारों और अब बुजुर्गों को राहत देने का काम किया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अब हरियाणा सरकार ने ये निर्णय ले लिया है कि बुढ़ापा, दिव्यांग व विधवा पेंशन में मिलने वाली राशि को बढ़ा दिया जाए।सरकार द्वारा जारी आदेशों पर गौर करें तो अब इन तीनों श्रेणियों के लाभार्थियों की पेंशन राशि 2500 रुपए होकर उनके संबंधित बैंक खातों में डाल दी गई है। दरअसल, पहले हरियाणा सरकार द्वारा बुढ़ापा दिव्यांग व विधवा पेंशन 2250 रुपए दी जाती थी।वहीं आपको बता दें कि राज्य में गठबंधन सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में पेंशन को 5100 रुपए प्रतिमाह देने का वादा किया हुआ है। इसी वादे पर चलते हुए बुढ़ापा, विधवा तथा दिव्यांग पेंशन में हर साल बढ़ोतरी की जाती है, लेकिन अभी तक 5100 रुपए प्रति माह की पेंशन लागू नहीं हो पाई है। इस पर सरकार का कहना है कि 5100 रूपए प्रति माह की पेंशन इन 5 साल के कार्यकाल में दे दी जाएगी।गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के इस बुरे दौर में आम जनता का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है। अनेकों परिवार ऐसे है जिनमें रोजी-रोटी का संकट आ चुका है। ऐसे में सरकार ने इन पेंशन धारकों की पेंशन में अगर थोड़ा सा भी इजाफा किया है, तो इन सभी श्रेणी के लाभार्थियों को कुछ तो राहत मिलेगी।
