फरीदाबाद : [मिथलेश मिश्रा] कोरोना के कारण लागू लॉकडाउन में बच्चों को अवसाद, मानसिक विकार, तनाव, नकारात्मक सोच एवं विचार आदि से मुक्त करने के लिए सोमवार को ऑन लाइन बालमन परामर्श सेवा का शुभारंभ किया गया। डीसी एवं जिला बाल कल्याण परिषद के चेयरमैन यशपाल ने इस योजना का शुभारंभ किया।
इसके तहत दो मोबाइल नंबर 8295581958 एवं 9013295571 जारी करते हुए उन्होंने कहा इन पर सुबह 11 से अपराह्न 1 बजे तक बच्चे अपने मन की बात सांझा कर सकेंगे। इन नम्बरों पर जिला बाल कल्याण अधिकारी नरेन्द्र मलिक व कार्यक्रम अधिकारी फरीदाबाद एसएल खत्री स्वयं उपलब्ध रहेंगे।
किसी बच्चे की मानसिक समस्या का निवारण न होने पर मनोचिकित्सक विशेषज्ञ की सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा जिला बाल कल्याण परिषद बच्चों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। इस दौरान राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एनआईटी तीन की छात्रा भूमिका ने अपने कैरियर से संबंधित सवाल पूछा। उन्होंने कहा हमें अपने कैरियर को लेकर कैसे आगे बढ़ना है और क्या करना चाहिए। इस पर डीसी ने जवाब देते हुए कहा कि बच्चों को अपनी रुचि अनुसार ही अपना प्रोफेशन एवं कैरियर चुनना चाहिए।
