फरीदाबाद : ग्रामीणों के लिए मेडिकल किट संजीवनी साबित हो रही है। घर पर ही उपचार कर कोरोना को मात दे रहे हैं। अभी तक जिले में 40 हजार से अधिक मेडिकल किट का वितरण हो चुका है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मेडिकल किट (कोविड दवाई) से उपचार के कारण जिले में कोरोना की रफ्तार काफी धीमी हो गई है।
तीन सप्ताह से कोरोना के मामलों में निरंतर कमी दर्ज की जा रही है। सीएमओ डा. रणदीप सिंह पूनिया के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र में कोविड लक्षण लोगों के लिए मेडिकल किट काफी मुफीद साबित हो रही है। बुखार, खांस, जुकाम आदि कोरोना लक्षण वाले मरीजों ने मेडिकल किट लेकर घर पर ही उपचार कर कोरोना को मात दी है। अभी तक जिले के 127 गांवों में लगभग 40 हजार मेडिकल किट का वितरण किया जा चुका है। दूसरी लहर में शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना का फैलाव सरकार व प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गया था।
सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना की रफ्तार को रोकने के लिए आइसोलेशन सेंटर, ट्रेकिंग, टेस्टिंग आदि अनेक प्रभावी कदम उठाए गए हैं। इसी कड़ी में जिले के ग्रामीण क्षेत्र में कोविड लक्षण वाले मरीजों को घर पर ही मेडिकल किट का वितरण एक अनूठी पहल प्रशासन ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ की गई। इसके सार्थक परिणाम आए हैं। जिला प्रशासन के आह्वान पर सामाजिक संस्थाओं, समाजसेवी संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने मेडिकल किट तैयार करने में सहयोग किया। ग्रामीण क्षेत्र में कोविड लक्षण वाले मरीजों ने घर पर ही मेडिकल दवाइयों से अपना उपचार किया और स्वस्थ हो गए।
