फरीदाबाद : राज्य कमेटी की अपील पर हरियाण रोडवेज कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बल्लभगढ़ डिपो पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। कर्मचारियों ने सरकार पर वादा खिलाफी करने और रोडवेज को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। कर्मचारी नेताओं ने जीएम के माध्यम से ट्रैफिक मैनेजर को ज्ञापन भी सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व रोडवेज सर्व कर्मचारी संघ के प्रधाान रविंद्र नागर ने किया।
रोडवेज कर्मचारियों की मांग है कि कोरोना योद्धा कहे जाने वाले कर्मचारियों की कोरोना महामारी से मृत्यु होने पर 50 लाख रूपये मुआवजा व परिवार के एक सदस्य को पक्की नौकरी दी जाए, स्वास्थ्य ठेका कर्मचारियों व अन्य विभागों व परिवहन विभाग में पानीपत डिपो से निकाले गए कर्मचारियों को वापस ड्यूटी पर लिया जाए।
सभी विभागों में आवश्यक सेवाओं को निर्बाध चलाने और कोरोना संक्रमण को रोकने में किसी भी प्रकार से ड्यूटी दे रहे कोरोना संक्रमण को रोकने में लगे सभी कर्मचारियों को पीपीई किट सहित सभी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाया जाए, परिचालकों को ई टिकटिंग मशीन उपलब्ध करवाई जाए। कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को वैक्सीनेशन करने, रोडवेज सहित सभी विभागों के निजीकरण पर रोक लगाने, ठेका प्रथा समाप्त कर कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, बंद किए गए डीए व पुरानी पेंशन को बहाल करने की मांग की गई। विरोध प्रदर्शन में रोडवेज कर्मचारी नेता राजवीर, जयपाल राठी, शेरसिंह समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
