फरीदाबाद : पिछले एक महीने से चल रहे लॉकडाउन से व्यापारियों की हालत पतली हो गई है। इसे लेकर जहां व्यापारी वर्ग ने जीएसटी, बिजली पानी के बिल माफ किए जाने कही मांग करते हुए आर्थिक पैकेज जारी करने की मांग की है, वहीं व्यापारियों ने बाजार खुलने का समय भी सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक किए जाने की मांग की है। इसे लेकर व्यापारियों ने बुधवार को बल्लभगढ़ व सेक्टर-7 मार्केट में बैठक की। जिसमें काफी संख्या में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भाग लेकर यह मांग उठाई। व्यपार मंडल ने निर्णय लिया है कि गुरुवार को केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर व परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा से मिलकर उनके समक्ष यह मांग रखेंगे।
व्यापारियों के लिए आर्थिक पैकेज जारी करे सरकार
हरियाणा व्यापार मंडल बल्लभगढ़ शहर के व्यापारियों की एक अहम बैठक प्रधान प्रेम खट्टर के कार्यालय पर संपन्न हुई। इस बैठक में व्यापारियों ने कहा कि पिछले लगभग 1 माह से चल रहे लॉकडाउन में व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। व्यापार मंडल के बल्लभगढ़ अध्यक्ष प्रेम खट्टर ने कहा कि लॉक डाउन में व्यापारियों की दुकानें बंद होने से आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। कर्मचारियों को वेतन देने के लाले पड़ रहे हैं। सरकार ने अभी तक बिजली पानी तथा जीएसटी जैसे मामलों में भी व्यापारियों को किसी प्रकार की राहत की घोषणा नहीं की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि सरकार जिस प्रकार से शराब ठेकों की अवधिक बढ़ाकर उन्हें राहत दे रही है, ठीक व्यापारियों को भी आर्थिक पैकेज जारी कर उन्हें राहत दी जाए। बिजली-पानी के बिल माफ किए जाएं, वहीं जीएसटी में छूट देते हुए व्यापारियों की दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारियों को लॉक डाउन की अवधिक के दौरान दिए जाने वाला वेतन सरकार की ओर से दिया जाए। हरियाणा व्यापार मंडल के प्रधान रामचंद्र की अध्यक्षता में व्यापारियों की एक बैठक सेक्टर 7 में हुई। जिसमें शहर के अनेक प्रधान मौजूद रहे। इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि मार्केट में दुकानों को खोलने का सरकार ने जो समय सुबह 7:00 से 12:00 बजे का निर्धारित किया है, वह किसी भी तरह से उचित नहीं है। यह समय बदलना चाहिए। ग्राहक कोई भी शहरों में कहीं भी 10:00 से पहले नहीं निकलता है। इसलिए दुकान का समय 9:00 बजे से लेकर 7:00 बजे तक का किया जाए, ताकि व्यापारियों की दुकान का खर्चा निकले सके। इस बैठक में जिलाध्यक्ष राम जुनेजा, बल्लभगढ़ व्यापार मंडल के बल्लभगढ़ प्रधान प्रेम खट्टर, सेक्टर 7 मार्केट से वासुदेव अरोड़ा, तिकोना पार्क मार्केट से देवेंद्र रतरा के अलावा शहर के विभिन्न व्यापार मंडल से महिंद्रा लक्खा, बलजीत सिंह अरोड़ा, सागर दुआ, महेंद्र वर्मा, हुकम चंद समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
