कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर को कमजोर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग अब भीड़ वाले इलाकों में कोरोना जांच शिविर लगा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की जांच कर कोरोना चक्र को तोड़ा जा सके। शुक्रवार को पहले दिन शहर के मुख्य बाजार में दो जगहों पर शिविर लगाकर व्यापारियों, ग्राहक व नागरिकों व पुलिस कर्मियों ने कोरोना की जांच कराई। दोपहर बाद तक चले दोनों शिविर में कुल 701 लोगों ने टेस्ट कराया। जिसमें 320 लोगों ने आरटीपीसीआर व 381 लोगों ने रेपिड टेस्ट कराया। जिसमें मात्र एक पॉजिटिव पाया गया, जबकि 380 की रिपोर्ट नेगेटिव थी। दोनों शिविर उपमंडल के नोडल अधिकारी डॉ.मान सिंह के निगरानी में लगाए गए।
बाजार में जांच के लिए पुलिस ने की उद्घोषणा
शहर के मुख्य बाजार में शुक्रवार सुबह 9.30 मिनट पर स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना जांच का एक विशेष अभियान चलाया। पुलिस के साथ नोडल अधिकारी डॉ.मान सिंह के नेतृत्व में दो टीम शहर के अग्रसैन चौक व अंबेडकर चौक के पास पहुंच गई। जांच शिविर शुरू होने से पूर्व जहां एक ओर ताऊ के नाम से प्रसिद्ध एएसआई विरेंद्र ने माइक से पूरे बाजार में जांच कराने के लिए दुकानदारों, दुकानों के कर्मचारियों तथा बाजार में आने वाले लोगों को जांच के लिए जागरूक किया। इसी बीच महाराजा अग्रसैन पुलिस चौकी के पुलिस कर्मी बाजार में प्रत्येक दुकान-दुकान गए, जहां उन्होंने दुकानदारों को जांच कराने के लिए प्रेरित किया।
इस बीच महाराजा अग्रसैन चौक पर पुलिस चौकी के जवानों ने बाजार में आने वाले ग्राहकों को कोरोना की जांच करने के लिए रोकना शुरू कर दिया। सिही गेट, मिल्क प्लांट रोड व गुप्ता होटल की ओर जाने वाले रोड की ओर से बाजार में आने वाले काफी लोगों को पुलिस ने रोकते हुए जांच के लिए शिविर में भेजा। इसी प्रकार अंबेडकर चौक पर नाकेबंदी कर पुलिस ने दुकानदारों व बाजार में आने वाले लोगों को कोरोना की जांच के लिए प्रेरित किया।
कोरोना जांच के बाद उंगली पर लगाया निशान
जांच कराने के बाद जांच कराने वाले की एक उंगली पर निशान लगाया जा रहा था, ताकि जब वह बाजार से सामान लेकर बाहर निकले तो वहां मौजूद पुलिस के अधिकारी उसकी उंगली को चेक करे और उसे बाहर जाने की अनुमति दे। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में शुक्रवार को कोई सख्ताई नहीं थी।
भीड़ वाले इलाके में ज्यादा करेंगे जांच
नोडल अधिकारी डॉ.मान सिंह ने बताया कि कोरोना का चक्र तोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग भीड़ वाले इलाकों में जांच शिविर लगा रहा है। बाजार से पहले सब्जी मंडी में शिविर लगा चुके है। शनिवार को एक बार फिर बाजार में जांच शिविर लगाया जाएगा। डॉ.मान सिंह ने बताया कि शिविर में व्यापारियों का सहयोग रहा। खासकर व्यापारी महेश मित्तल ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का पूर्ण सहयोग किया।
बाजार के शिविर में पुलिस का सहयोग रहा
शहर के मुख्य बाजार में पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग रहा। अग्रसैन पुलिस चौकी के इंचार्ज विनोद गौतम व उनकी पूरी टीम तथा एएसआई विरेंद्र शिविर में अधिक लोग जुटाने के लिए सुबह से कड़ी मेहनत करते नजर आए।
बाजार में सामान खरीदने आया था। एकाएक कोरोना जांच पर नजर पड़ी। वह तुरंत जांच कराने बैठ गया। रिपेार्ट नेगेटिव आने से मेरा दिल खुश है।
-विनय, निवासी गांव नवादा
मेरी उम्र 75 साल है। जब मुझे पता चला कि बाजार में कोविड की जांच हो रही है तो तुरंत मैं भी वहां पर पहुंच गया। जब जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई तो इससे तसल्ली मिली है।
-सीता राम, दुकानदार
परिवार में छोटे-छोटे बच्चे है। रिपोर्ट नेगेटिव आने से चिंता नहीं रही। स्वास्थय विभाग ने शिविर लगाकर बेहद अच्छा कार्य किया है।
-पकंज, दुकानदार
कोरोना जिस रफ्तार से बढ़ा था, उसके बाद से चिंता हो गई। काफी सावधानी बरती और अब जांच करा ली। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अंदर से खुशी महसूस हो रही है।
