केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का आंदोलन पिछले छह महीनो से लगातार जारी है। वहीं इस बीच किसान नेता राकेश टिकैत और गुरनाम सिंह चढूनी के बीच में तकरार की खबरें भी सामने आने लगी है। हरियाणा के किसान बीजेपी नेताओं का विरोध कर रहे हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में ऐसा विरोध न होता देख, दोनों नेताओं के बीच अनबन की बातें आ रही हैं। जिसके तहत किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने किसानों से अपील की है कि वे यूपी और उत्तराखंड में भी बीजेपी नेताओं का विरोध करें। इसी कड़ी में उन्होंने किसानों से अपील की है कि आगामी 5 जून को देशभर में बीजेपी नेताओं के सामने कृषि कानूनों की प्रतियां जलाई जाएं।
बता दें कि हरियाणा में किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी के आह्वान के बाद सभी किसान बीजेपी और उसके सहयोगी दल जननायक जनता पार्टी के नेताओं का किसान जमकर विरोध कर रहे हैं। उधर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में ऐसा न होते देख चढ़ूनी ने इसकी जिम्मेवारी ली है। उन्होंने किसानों को पुकारा है कि अब उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के किसान भी बीजेपी नेताओं का विरोध करें। साथ ही उन्हें काले झंडे दिखाते हुए प्रदर्शन करें। यूपी के टोल प्लाज भी हरियाणा और पंजाब की तर्ज पर बंद करवाएं जाए।
वीडियो जारी कर दिया बयान : किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी द्वारा एक वीडियो जारी कर कहा गया है कि मैंने दो-तीन दिन पहले उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के किसानों को आह्वान किया था और कहा कि वह हरियाणा की तर्ज पर बीजेपी नेताओं का विरोध करें। साथ ही उन्हें काले झंडे दिखाए उनके सामने प्रदर्शन करें, जिसको लेकर अब उत्तर प्रदेश के किसान जाग चुके हैं और उन्होंने अभी तक दो-तीन टोल बंद भी करवाए हैं। मैं उत्तर प्रदेश के किसानों से एक बार फिर आह्वान करता हूं कि वह भी बीजेपी नेताओं का विरोध करें मैं उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के किसानों को आह्वान करना चाहता हूं कि ज्यादा से ज्यादा आंदोलन में भाग ले और ज्यादा से ज्यादा जगह प्रदर्शन करें।
राकेश टिकैत से अनबन नहीं : वहीं उन्होंने कहा कि कई ऐसी खबरें फैलायी जा रही है कि मैंने राकेश टिकैत के खिलाफ बोला है, इस पर कहना चाहता हूं कि हम दोनों एक ही तरह का काम कर रहे हैं। एक जगह ही काम कर रहे हैं, सारे आंदोलन के लिए काम कर रहे हैं, ऐसी खबरों से हमारा आंदोलन टूटने वाला नहीं है। अब उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी टोल भी बंद करवाए जाएं। आगामी 5 जून को देश के सभी बीजेपी नेताओं के सामने तीनों कृषि कानूनों की प्रतियां जलाई जाएं। उत्तर प्रदेश वाले किसान ज्यादा से ज्यादा हर सांसद और विधायक के घर के सामने प्रतियां जलाएं। ये हमारी सभी किसान भाईयों से अपील है।
