जिले के सबसे बड़े बांगड़ अस्पताल के वार्डों में पंखें-एसी लगे हैं, फिर भी मरीजों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही। ऐसे में परिजन घर से पंखे-कूलर लाने को मजबूर हैं। पूछा तो बोले- साहब कोरोना मरीज हैं हवा ज्यादा चाहिए और यहां पंखे की हवा आती नहीं और एसी बंद पड़े हैं। ऐसे में घर से पंखा लगाकर लगा रखा है। यह हालत अस्पताल के कई वार्डों में देखने को मिले। तेज गर्मी में से मरीजों को राहत देने के लिए अस्पताल प्रशासन यहां कूलर लगाने व एसी दुरुस्त करवाने की कार्रवाई नहीं कर रहा है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ इकाई के भी ऐसे ही हालात में हैं। यहां एक महिला गैलेरी में अपने नवजात को दूध पिला रही थी। एक महिला उसे गर्मी से राहत देने के लिए हवा देते नजर आई। बोली- कमरे में गर्मी ज्यादा हैं इसलिए यहां बैठ बच्चे को दूध पीला रहे हैं। यहां से कुछ आगेकुपोषित बच्चों के लिए बने वार्ड में भी लोग गर्मी से परेशान नजर आए। यहां फिलहाल मेडिकल व सर्जिकल वार्ड के मरीजों को भर्ती किया जा रहा हैं। यहा पंखें लगे हुए हैं, लेकिन तेज गर्मी से मरीजों को राहत नहीं दे पा रहे।
महाराजा श्री अग्रसेन मेडिकल महिला वार्ड में ज्यादातर मरीजों के बेड के निकट घर से लाए पंखें नजर आए। यहां भर्ती मरीज के परिजन तुलसीराम ने बताया कि पंखें की हवा कम आती हैं। एसी बंद पड़े है। एक-दो एसी जो चल रहे है वे कुलिंग नहीं दे रहे। ऐसे में घर से पंखा लेकर आए जिससे की मरीज को गर्मी से राहत मिल सके। कुछ ऐसी कहानी वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों के परिजनों ने बताई। महाराजा श्री अग्रसेन मेडिकल वार्ड महिला वार्ड में भर्ती मरीजों के पलंग के पास रखें घर से लाए गए पंखें।
कूलर ही ले आए घर से :
हाउसिंग बोर्ड निवासी वृद्ध राजेन्द्रसिंह को सांस की तकलीफ होने पर परिजनों ने भर्ती करवाया। ओटी के निकट बने आइसोलेशन आई वार्ड में गर्मी ज्यादा लगने पर परिजन कूलर ही घर से लाकर लगा दिया। परिजन बोले- मरीज को सांस की दिक्कत हैं। यहां उनके बेड तक हवा ज्यादा नहीं आती, एसी भी बंद पड़े हैं इसलिए मरीज को राहत देने के लिए घर से कूलर लाना पड़ा।
भामाशाहों ने तैयार करवाए थे वार्ड :
पाली के बांगड़ अस्पताल की काया कल्प कर यहां के अधिकतर वार्डों को दानदाताओं ने गोद लेकर उनकी दशा सुधारी थी तथा एसी तक लगवाए थे। वार्डों की अच्च्छी हालत देख बाहर से आने वाले मरीजों व उनके परिजनों को ऐसा लगता था जैसी यह निजी अस्पताल हैं। वर्तमान में दानदाताओं द्वारा वार्डों लें लगाए गए ज्यादातर एसी बंद हैं। जिन्हें दुरुस्त करवाने की जहमत अस्पताल प्रशासन नहीं उठा रहा। ओर नुकसान भर्ती मरीजों को उठाना पड़ रहा हैं।
वार्ड प्रभारी की जिम्मेदारी वो ध्यान दे वार्डों पर :
बांगड़ अस्पताल के पीएमओ बोले एसी दुरुस्त करने के लिए मैकेनिक हैं। वार्डप्रभारियों की जिम्मेदारी हैं कि वे अपने वार्डों का ध्यान रखें तथा एसी बंद हैं तो उसे दुरुस्त करवाएं।
