हिसार : हरियाणा में मौसम में बदलाव होना शुरु हो गया है। देर रात पंचकूला चंडीगढ़ में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई है जिसके चलते मौसम में बदलाव हो गया है। हरियाणा के कई हिस्सों में तेज हवाएं सुबह से ही चल रही है और आज दिन में कई जगहों पर बारिश के आसार जताए जा रहे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में यास तूफान का असर दिख रहा है जिस वजह से तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। प्रदेश में अगले चार दिनों तक रुक रुककर बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, जींद समेत कई जगहों पर बारिश की संभावना है।
हरियाणा राज्य में 29 मई तक मौसम आमतौर पर खुश्क व गर्म रहा है लेकिन देर रात मौसम बदल गया है। बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोन यास के प्रभाव के चलते हरियाणा में भी बारिश की संभावना है। इससे पहले चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग की तरफ से भी 30 जून की रात से मौसम में बदलाव की संभावना जताई थी। प्रदेश में दो जून तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
