नई दिल्ली : किसान संगठनों के आंदोलन की वजह से कोरोना वायरस का संक्रमण फैलने के आरोपों पर भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने एक बार फिर ऐसी बातें कहीं, जो सरकार शायद सुनना नहीं चाहेगी। राकेश टिकैत ने आज कहा कि, अगर बीमारी बड़ी है तो सरकार सोचे कि किसान यहां (महीनों से धरना-प्रदर्शन पर बैठे) क्यों हैं? किसान यहां शांति से बैठे हैं, और ये जाएंगे नहीं। ये हटेंगे, पहले सरकार काले कानून वापस ले।
कोरोना संक्रमण पर बोले किसान नेता
राकेश टिकैत ने कहा, “हम शुरू से कह रहे हैं.. सरकार बात करे। हमारी बात सुने। बातचीत से हल निकालें। जो किसान दिल्ली की सीमाओं पर आ रहे हैं, वो शांतिपूर्ण तरीके से बैठे हैं। वे चाहते हैं कि सरकार बात सुने। सरकार को अपने कानून वापस लेने चाहिए। इससे पहले राकेश टिकैत ने सरकार को चेताते हुए कहा था कि, किसान आंदोलन शाहीन बाग वाला धरना नहीं है, जिसे सरकार जब चाहे उखाड़ फेंके। उन्होंने कहा कि किसानों के जत्थे नए कृषि कानून वापस होने के बाद ही हटेंगे।
