कोरोना महामारी के कारण अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों को सुरक्षित भविष्य देने के लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत पालन-पोषण और पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
उपायुक्त यशपाल ने यह जानकारी देते हुए बताया है कि इस योजना से कोरोना के कारण अनाथ हुए बच्चों के हितों की रक्षा होगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का उद्देश्य 18 वर्ष से कम उम्र का बालक, जो कोविड महामारी के कारण अपने माता या पिता अथवा माता-पिता दोनों या कानूनी अभिभावकों को खो चुका है, उसकी सहायता करना है।
उन्होंने कहा कि संस्थागत देखभाल के लिए भी बच्चों को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। जिन बच्चों की देखभाल करने के लिए परिवार का कोई सदस्य नहीं है, उनकी परवरिश बाल संरक्षण संस्थान करेंगे। ऐसे बच्चों के लिए बाल संरक्षण संस्थान को आर्थिक सहायता के रूप में 1500 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे। यह राशि आवर्ती जमा के रूप में बैंक खाते में डाल दी जाएगी और 21 वर्ष की आयु होने पर बच्चे को मैच्योरिटी राशि दे दी जाएगी। अन्य पूरा खर्चा बाल देखभाल संस्थान द्वारा वहन किया जाएगा।
