फरीदाबाद : मंगलवार को शारीरिक शिक्षकों ने काला दिवस मनाया और लघु सचिवालय पर प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों का ज्ञापन जिला उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रेषित किया । हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ एवं शारीरिक शिक्षक संघ समिति के बैनर तले शारीरिक शिक्षकों को लगातार अनशन करते हुए 352 दिन हो गए हैं। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के प्रधान वेदपाल, महासचिव गीतेश कुमार,एसकेएस प्रधान राजेश शर्मा,सचिव योगेश एवं शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति के नेताओं जोगिंदर डागर, रामपाल अत्री, प्रेमचंद और सुनील ने अपने बयान में कहा कि सरकार उनकी मांग पूरी नहीं कर रही है और उनकी बात भी नहीं सून रही है। उनका कहना है कि बर्खास्त पीटीआई पर भूखे मरने की नौबत आ गई है। भारी आर्थिक संकट से जूझ रहे अध्यापकों और उनके परिवारों को भारी मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है । घर में एक ही कमाने वाले की बर्खास्तगी के कारण, बूढ़े मां बाप को संभालना महामारी के दौरान मुश्किल हो रहा है। आर्थिक तंगी के कारण बच्चों को पढ़ाने के लिए ट्यूशन फीस भी नहीं दे पा रहे हैं । बर्खास्त पीटीआई की विधवाओं को परिवारों के भरण पोषण में कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि सरकार उनको एक्सग्रेशिया नीति के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता को भी रोक चुकी है । बर्खास्तगी के पूरे एक वर्ष होने के पश्चात भी सरकार वादाखिलाफी के कारण समायोजन की प्रक्रिया को हाईकोर्ट में जानबूझकर लटका रही है। मृतक कर्मचारी की विधवाओं को एक्स ग्रेशिया नीति के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। अगर सरकार तुरंत समायोजन प्रक्रिया शुरू नहीं करती है तो प्रदेश के शिक्षकों को आवश्यक बैठक कर आगामी रणनीति बनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा । इस मौके पर नरेशकुमार, राजेश, डालचंद विनोद,उर्मिला,प्रेमलता, साजिदा,दयाचंद, सतवीर, सुरेंदर, बिजेंदर बिजेंदर दलाल टेकचंद और प्रताप सहित अन्यों ने भी संबोधित किया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by CSe.
