पानीपत में गुरुवार सुबह के समय गर्मी के तेवर कुछ नरम रहे। धूप हल्की और हवाओं के चलने से गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने अब 8 जून तक मौसम शुष्क रहने के आसार बताए हैं। जिसमें गर्मी बढ़ने के साथ उमस और लू का भी सामना करना पड़ेगा। हालांकि गुरुवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
यास तूफान और अरब खाड़ी पर बने हवाओं के चक्रवात के कारण पानीपत में मंगलवार तक मौसम सुहाना रहा। आंधी और बारिश ने तपती गर्मी से राहत दिलाई। अब गुरुवार से दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। हालांकि गुरुवार को अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट हुई।
पानीपत में गुरुवार सुबह धूप हल्की रही। जिससे तपिश का अहसास कम हुआ। 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही उत्तरी-पूर्वी हवाएं गर्मी से राहत दिलाती रही। हालांकि दोपहर से तेज धूप का सामना करना पड़ेगा। बुधवार को भी दोपहर बाद ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाए थे।
हरियाणा कृषि विज्ञान मौसम विभाग के अनुसार अब 8 जून तक मौसम शुष्क बना रहेगा। जिसमें दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। गर्मी बढ़ने के साथ उमस और लू भी लोगों को सताएगी। एक पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के कारण 6 जून को बादल छाने का अनुमान है।
