कोरोना महामारी पर नियंत्रण के परिप्रेक्ष्य में महाराष्ट्र में ‘ब्रेक द चैन’ के तहत लागू प्रतिबंधों में सात जून से ढील दी जायेगी। महाराष्ट्र राज्य आपदा प्रबंधन, राहत एवं पुनर्वास के प्रमुख सचिव असीम गुप्ता ने शुक्रवार की देर रात इस आशय की अधिसूचना जारी की। अधिसूचना के मुताबिक राज्य के जिलों को कोविड संक्रमण दर के मानदंड और ऑक्सीजन बेड के उपयोग के आधार पर पांच चरणों में बांटा गया है।
पांच लेवल में क्या अनलॉक होगा
लेवल 1- इसके तहत रेस्टोरेंट्स, मॉल, थिएटर, मैदान, गार्डन, जिम, सलून, ऑफिस पूरी क्षमता से शुरू होंगे। इसके अलावा, प्राइवेट और सरकारी दफ्तर खुलेंगे और शादी-विवाह, अंतिम संस्कार को भी नियमित रूप से करने की इजाजत होगी। लोकल ट्रेनें भी नियमित तौर पर चलेंगी।
लेवल 2- लेवल टू का पालन वहां किया जाएगा जहां पॉजिटिविटी रेट 5 प्रतिशत से कम है और ऑक्सीजन बेड की ऑक्युपेंसी 25 से 40 प्रतिशत के बीच है। इसमें पाबंदियां लेवल 1 की तरह होंगी, लेकिन थिएटर, जिम, शादी और रेस्टोरेंट में 50 फीसदी ऑक्यूपेंसी की ही इजाजत होगी। यानी इन जगहों पर 50 फीसदी लोगों की क्षमता ही स्वीकार्य है। इसमें लोकल ट्रेनों की सेवा प्रतिबंधित रहेगी।
लेवल 3- इसके तहत अत्यावश्यक दुकानें सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक शुरू रह सकेगी। दूसरी दुकानें 7 से 12 बजे तक खुली रहेंगी. जबकि शनिवार और रविवार को इमरजेंसी सर्विसेज छोड़कर दूसरी दुकानें पूरी तरह बंद रहेगी। मॉल्स बंद रहेंगे, रेस्टो सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक 50 फीसदी क्षमता के साथ ही चल सकेंगे। शनिवार और रविवार बंद रखना होगा. गार्डन और जोगिंग ट्रैक सुबह 8 से 9 बजे तक खुले रहेंगे. सरकारी दफ्तर और प्राइवेट दफ्तरों में 50 फीसदी क्षमता को अनुमति दी गई है।
लेवल 4- इसके तहत इमरजेंसी दुकानें सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक खुली रहेंगी। शनिवार और रविवार बंद रहेगी। सलून 50 फीसदी क्षमता के साथ शुरू रहेंगे लेकिन एयर कंडीशन का इस्तेमाल करने पर रोक रहेगी। लेवल चार वाले जगहों पर शादी समारोह में 25 लोग ही शामिल हो सकेंगे, वहीं अंतिम संस्कार में 20 लोगों को ही इजाजत दी जाएगी।
लेवल 5- इसे रेड जोन के तौर पर डिफाइन किया गया है, जिस जिले में पॉजिटिविटी रेट 20 फीसदी से ज्यादा होगा वह जिला रेड जोन के तहत आएगा. यहां पर नियम काफी सख्त होंगे। सरकार ने यह भी साफ किया है कि 75 फीसदी या उससे ज्यादा ऑक्सीजन बेड अगर ऑक्यूपाइड हुए तो भी जिला रेड जोन के तहत आएगा।
