हरियाणा सरकार ने महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा नाम से राज्य में 14 जून तक लाकडाउन बढ़ा दिया है। प्रदेश सरकार को लाकडाउन बढ़ाने के अच्छे रिजल्ट मिले और कोरोना संक्रमण के मामलों में इससे काफी हद तक कमी आई है। अर्थव्यवस्था और रोजगार को पटरी पर लाने की मंशा से सरकार ने कई अहम ढील के साथ लाकडाउन की अवधि एक सप्ताह तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज के आदेश पर मुख्य सचिव विजयवर्धन ने लाकडाउन 14 जून को सुबह पांच बजे तक बढ़ाने के आदेश जारी किए हैं। इस दौरान दुकानें खोलने के समय में बदलाव किया गया है। अब दुकानदार सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक अपनी दुकानें खोल सकेंगे, लेकिन उन्हें कोरोना प्रोटोकाल का अनुपालन करना होगा। सभी दुकानें तारीख के हिसाब से ओड-ईवन आधार पर खुलेंगी। एक दिन ओड तो दूसरे दिन ईवन नंबर की दुकानें खोलने के आदेश जारी किए गए हैं।
शापिंग माल खुलने का समय बढ़ा
हरियाणा सरकार ने शापिंग माल खोलने का समय भी बढ़ा दिया है। अब शापिंग माल सुबह 10 बजे से रात आठ बजे तक खुल सकेंगे। रेस्टोरेंट, बार, माल में मौजूद होटल व बार, सुबह 10 बजे से रात आठ बजे तक 50 फीसद बैठने की क्षमता के साथ खोलने की इजाजत दी गई है। खाने-पीने की वस्तुओं की होम डिलीवरी का समय रात 10 बजे तक रखा गया है।
धार्मिक स्थल खुलेंगे
धार्मिक स्थलों को खोलने की अनुमति भी सरकार ने दी है, लेकिन एक बार में 21 से ज्यादा व्यक्ति किसी धार्मिक स्थल पर जमा नहीं हो सकेंगे। इस बारे में पुजारियों तथा मंदिर के संचालकों को ध्यान रखना होगा।
