चंडीगढ़ : स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा है कि सरकारी कर्मचारियों, पैंशनरों/ पारिवारिक पैंशनरों और आश्रितों को सीमित कैशलैस चिकित्सा सुविधा में अब कोविड-19 बीमारी को भी जोड़ दिया गया है ताकि संबंधित मैडीकल बिलों की प्रतिपूर्ति की जा सकें। बीमारी के संबंध में प्रदान किए गए उपचार के बिलों को प्रतिपूर्ति के लिए संबंधित विभाग के डी.डी.ओ. को प्रस्तुत किया जाएगा। इन आदेशों को तुरंत प्रभाव से लागू किया जाएगा। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने संबंधित विभागाध्यक्षों, बोर्ड व निगमों के प्रबंध निदेशकों, मंडल आयुक्तों, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार, प्रधान महालेखाकार, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक, सरकारी मैडीकल कालेजों के निदेशकों, उपायुक्तों, सिविल सर्जनों सहित पैनल में शामिल निजी अस्पतालों/ मैडीकल कालेजों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, निदेशक, चिकित्सा अधीक्षकों को जारी किया है
बिगड़ैल बच्चे की तरह से वैक्सीन पर भ्रम फैला रही हैं विपक्षी पार्टियां
मंत्री विज ने वैक्सीन को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा करने वाली विपक्षी पार्टियों को बिगड़ैल बच्चे कह कर तंज कसा। ऐसे बिगड़ैल बच्चे पॉजिटिव चीजों मे भी नैगेटिव ही खोजते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमेशा वैक्सीन का रोना रोते रहते हैं और केंद्र को कोसते रहते हैं, लेकिन जब कांग्रेस शासित प्रदेश में जहां एक तरफ लोग एक-एक टीके को मोहताज होते हैं, वहीं दूसरी तरफ इंजैक्शन कूड़े में डाल दिए जाते हैं। इन मुद्दों पर राहुल के मुंह से आवाज तक नहीं निकलती। विज ने कहा कि जब ऐसी आपदा होती है जो कि विश्व स्तरीय आपदा है, दुश्मन भी इकट्ठे मिल कर मदद करते हैं और काम करते हैं, लेकिन जिस दिन से ये बीमारी फैली है कांग्रेस ने हमेशा निरुत्साहित करने वाली बातें की हैं।
ब्लैक फंगस इंजैक्शन की पर्याप्त सप्लाई के प्रयास में
विज ने कहा कि ब्लैक फंगस के इंजैक्शन की पर्याप्त सप्लाई के लिए महाराष्ट्र की एक कंपनी को 15 हजार इंजैक्शन देने के लिए ऑर्डर जारी किया गया है लेकिन अभी तक कंपनी ने सप्लाई की तिथि को लेकर कोई उत्तर नहीं दिया है। विज ने कहा कि केंद्र की ओर से हर दूसरे दिन कुछ इंजैक्शन की सप्लाई दी जा रही है लेकिन मरीजों की संख्या के हिसाब से वह पर्याप्त नहीं है। ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी इंजैक्शन लाने की कवायद में लगे हुए हैं।
news source from : punjabkesari
