फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] जन नायक जनता पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष हरमीत कौर को आज उस समय बडी कामयाबी मिली जब फरीदाबाद के तिगांव विधानसभा क्षेत्र के गांव सिधौला में आयोजित एक कार्यक्रम में भारी संख्या में महिलाओं ने जजपा का दामन थाम लिया। युवा समाजसेवी कंवरपाल अधाना, बरखा व किरण द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सैंकड़ों महिलाओं द्वारा जजपा में शामिल होने का दावा किया गया। कार्यक्रम में महिला जिलाध्यक्ष हरमीत कौर बतौर मुख्यअतिथि पहुंची थीं जिन्होंने पार्टी में शामिल होने वाली सभी महिला साथियों को विश्वास दिलाया कि पार्टी में उनके मान-सम्मान में कोई कमी नहीं होगी। जिलाध्यक्ष हरमीत कौर ने सभी को पटका पहना कर पार्टी में शामिल किया।
जजपा में महिला शक्ति के मजबूतीकरण पर दिया जाता है पूरा जोर : हरमीत कौर
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को सम्बोधित करते हुए जजपा की महिला जिलाध्यक्ष हरमीत कौर ने कहा कि जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला, उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह, विधायक नैना सिंह चौटाला, राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, महिला प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण व अन्य वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व और विजन के कारण सभी वर्गों के साथ-साथ महिलाओं में पार्टी के प्रति भारी आस्था और उत्साह है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में और भी महिलायें पार्टी में शामिल होंगी। जननायक जनता पार्टी में महिला शक्ति के मजबूतीकरण पर पूरा जोर दिया गया है और महिलाओं को विशेष तवज्जो पार्टी द्वारा दी जा रही है। उन्होंने जिले की महिलाओं से आह्वान किया कि वह निशंकोच जजपा में शामिल हों। इस मौके पर महिलाओं व लोगों ने महिला जिलाध्यक्ष हरमीत कौर को गांव की समस्याओंं से अवगत कराया। जिसपर हरमीत कौर ने ग्रामवासियों को विश्वास दिलाया कि वह उनकी सभी समस्याओं को हल करवाएंगी।
