फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] कोरोना वायरस संक्रमण के चलते लगातार बढ़ाए जा रहे लॉकडाउन के दौरान अगर बिजली उपभोक्ता अपने बिजली का बिल जमा नहीं कर पाए हैं तो घबराने की कोई बात नहीं है। लेकिन उन्हें हर हाल में 14 जून तक बिजली बिल जमा करना होगा। कोरोना महामारी और लॉकडाउन के चलते पिछले 2 महीने से भी अधिक वक्त से उपभोक्ताओं के सामने पैदा हुए संकट के मद्देनजर दक्षिण हरियाणा बिजली निगम ने एक बार फिर लोगों को बड़ी राहत प्रदान की है। मिली जानकारी के मुताबिक, जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिलों की अंतिम तिथि 3 मई से 7 जून के बीच पड़ती थी, अब उन बिजली उपभोक्ताओं को बिना किसी शुल्क के 14 जून 2021 तक भी अपने बिजली बिलों को भुगतान कर सकते हैं। यहां पर ध्यान देने की बात है कि आगे तारीख नहीं बढ़ाई जाएगी। बिजली निगम के प्रवक्ता के मुताबिक, निगमों द्वारा बिजली बिल जमा करने की अंतिम तारीख को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। अब उपभोक्ताओं को 14 जून तक ही अपने बिल जमा करने होंगे। ऐसे में अगर आपका भी बिजली का बिल बकाया है, तो छूट के साथ बिजली का बकाया बिल (Electricity Bill) जमा करने के लिए आपके पास 14 जून तक का समय है। जानकारी के मुताबिक, दक्षिण हरियाणा बिजली निगम ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, पलवल समेत दक्षिण हरियाणा के सभी जिलों के श्रेणी के उन उपभोक्ताओं के बिजली बिलों की देय तिथि को बढ़ाने का फैसला लिया है जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिलों के भुगतान की देय तिथि 3 मई, 2021 से 14 जून, 2021 के बीच में आती है। ऐसे उपभोक्ता अब बिना किसी शुल्क के 14 जून, 2021 तक अपने बिजली बिल का भुगतान कर सकते हैं।
फरीदाबाद बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता नरेश कक्कड़ ने बताया कि अब उपभोक्ता 14 जून तक अपना बकाया बिल जमा करा सकते हैं। पहले उपभोक्ताओं को तीन जून तक बिल जमा कराने की छूट दी गई थी। लॉकडाउन को देखते हुए फिर से छूट गई है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के मुताबिक, उपभोक्ता विभाग की वेबसाइट payment.dhbvn.org.in पर जाकर डेबिट/क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या पेटीएम, गुगल पे, फोन पे आदि ऑनलाइन माध्यमों से अपने बिजली बिलों का भुगतान घर बैठे कर सकते हैं।
