फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] कोरोना का प्रभाव कम होने के बाद ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कुछ विभागों की ओपीडी सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। जबकि कई विभाग अभी बंद हैं। ओपीडी शुरू होने से मरीजों ने राहत की सांस ली। अब उन्हें इलाज के लिए इधर-उधर चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। एनआईटी-3 नंबर स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज से करीब साढ़े पांच लाख कार्ड धारक जुड़े हैं। यहां फरीदाबाद के अलावा गुरुग्राम, पलवल, होडल, हथीन, सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र और रेवाड़ी से भी मरीज इलाज के लिए आते हैं। कोरोना शुरू होने के बाद सरकार ने अस्पताल को कोविड अस्पताल घोषित कर दिया था। इससे ओपीडी सेवाएं बंद कर दी गई थीं। यहां केवल कोरोना मरीजों का इलाज हो रहा था। हालांकि इस व्यवस्था में अभी कोई बदलाव नहीं किया गया है। लेकिन कोरोना संक्रमण दर घटने के बाद धीरे-धीरे ओपीडी सेवाओं को शुरू किया जाने लगा है। अस्पताल में ऑपरेशन संबंधी, हड्डी रोग विभाग, स्त्री रोग विभाग, बाल रोग विभाग और कैंसर की ओपीडी शुरू कर दी गई है। मेडीसिन, ह्दय रोग, दंत रोग, ईएनटी और नेत्र रोग विभाग की ओपीडी बंद है। इन्हें भी जल्द शुरू कर दिया जाएगा। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डीन डॉ.असीमदास के अनुसार अस्पताल में कुछ ओपीडी चालू कर दी गई हैं। जबकि अभी कई बंद हैं। इन्हें दूसरे चरण में खोला जाएगा। जिससे मरीजों की भीड़ को कंट्रोल किया जा सके और कोरोना संक्रमण से बचाव हो सके।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by CSe.
