पहलवान सागर धनखड़ हत्याकांड में आरोपी ओलंपिक विजेता पहलवान सुशील कुमार को जेल में विशेष खानपान व सप्लीमेंट दिया जाए या नहीं, इस बारे में अदालत बुधवार को अपना फैसला सुनाएगी। सुशील कुमार ने जेल में विशेष खानपान और सप्लीमेंट की मांग को लेकर अदालत में अर्जी दाखिल की है। मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट सतवीर सिंह लांबा ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। सुशील कुमार हत्या, गैर इरादतन हत्या और अपहरण के आरोप में मंडोली जेल में बंद है। आरोपी की ओर से अधिवक्ता प्रदीप राणा ने कहा कि उनके मुवक्किल आईसोलेट व्हे प्रोटीन, ओमेगा-थ्री कैप्सूल, ज्वॉइंटमेंट कैप्सूल, प्री-वर्कआउट सी4, मल्टीविटामिन आदि सप्लीमेंट लेते हैं। इन आवश्यक वस्तुओं को देने से इनकार करने का कुमार के करियर पर बुरा असर पड़ेगा, क्योंकि विशेष पोषण आहार और सप्लीमेंट उनकी सेहत व प्रदर्शन को बनाए रखने के लिहाज से बहुत जरूरी है। मामले की सुनवाई के दौरान जेल प्रशासन ने अदालत को बताया कि आरोपी सुशील कुमार की मेडिकल जांच की गई है और डॉक्टरों के हिसाब से उसे फूड सप्लीमेंट या अतिरिक्त आहार के रूप में अतिरिक्त प्रोटीन की आवश्यकता नहीं है। इस पर राणा ने कहा कि विशेष आहार और सप्लीमेंट की मांग सुशील कुमार के निजी खर्चे पर की गई है। इसका खर्च जेल अधिकारियों को वहन नहीं करना पड़ेगा। बता दें कि छत्रसाल स्टेडियम में हुई सागर धनखड़ की हत्या के आरोप में सुशील कुमार को 23 मई को गिरफ्तार किया गया था।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by CSe.
