चार मजदूर करीब सालभर की बचत लेकर मंगलवार को अपने गांव लौट रहे थे। लेकिन कश्मीरी गेट बस अड्डे पर पूरी रकम ऑटो में ही छूट गई। लेकिन पुलिस ने सूचना मिलने के तीन घंटे के भीतर रुपये से भरा बैग ढूंढ़कर मजदूरों को लौटा दिया। डीसीपी अंटो अल्फोंस ने बताया कि मुजफ्फरनगर निवासी सुशील, मोहन, राजपाल और राजकुमार बैतूल में दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। करीब सालभर बाद सभी अपने गांव लौट रहे थे। सराय काले खां बस अड्डे से वे ऑटो से कश्मीरी गेट पहुंचे, लेकिन ऑटो में करीब ढाई लाख रुपये और कपड़े का बैग छूट गया। जब तक उन्हें इस बात का पता चलता ऑटो वहां से जा चुका था। मंगलवार करीब एक बजे घटना की जानकारी मिलने पर बस अड्डा चौकी प्रभारी एसआई देवेंद्र अंतिल की टीम ऑटो की तलाश में जुट गई। बस अड्डे में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के सहारे ऑटो का रजिस्ट्रेशन नंबर तलाशा गया और पुलिस त्रिलोकपुरी स्थित चालक के घर पहुंच गई। लेकिन वहां से ऑटो चालक छह माह पहले जा चुका था। इसके बाद पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से जानकारी हासिल करनी शुरू की। जल्द ही मेहनत सफल हुई और करीब चार बजे त्रिलोकपुरी इलाके के दूसरे हिस्से में ऑटो खड़ा मिल गया। पुलिस ने ऑटो चालक सीताराम से पूछताछ की तो उसने बैग सौंप दिया। चालक ने बताया कि वह इन्हें ढूंढ रहा था, लेकिन जब बैग के मालिक नहीं मिले तो घर आ गया। इससे पहले कि वह बैग किसी को सौंप पाता, पुलिस ने उसे ढूंढ लिया। पुलिस ने जरूरी कागजी कार्रवाई करने के बाद बैग एवं रुपये को मजदूरों को सौंप दिया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by CSe.
