पश्चिम बंगाल की युवती से गैंगरेप के मुख्य आरोपी अनिल मलिक को भिवानी के हुड्डा पार्क से गिरफ्तार कर लिया। वह अपनी महिला दोस्त से मिलने के लिए पार्क पहुंचा था। जब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया, उसके हाथ में गुलाब का फूल था। बताया जा रहा है कि बागनवाला गांव में अनिल की रिश्तेदारी है। वह वहां भी जाने वाला था। उसे बागनवाला जाने से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।इस मामले में किसानों ने कमेटी बनाकर अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। अनिल को गुरुवार को झज्जर एसपी कार्यालय में लाया जाएगा। फिलहाल पुलिस अधिकारी भिवानी में मौजूद हैं। आरोपी पर पुलिस ने इनाम घोषित किया था। पर अभी अनूप चनौत और अंकुर सांगवान पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
बता दें कि पश्चिम बंगाल से आंदोलन में भाग लेने आई युवती से किसानों के टेंट में दुष्कर्म का आरोप लगा था। इसके बाद युवती की मौत हो गई थी। पीड़िता के पिता ने 2 महिलाओं समेत 6 लोगों पर गैंगरेप का केस दर्ज करवाया था। गैंगरेप के मुख्य आरोपी को भिवानी में काबू कर लिया गया है। गुरुवार को उसे झज्जर में लाया जाएगा।
पुलिस ने 25 लोगों से पूछताछ के बाद भिवानी में बिछाया था जाल
पुलिस ने नोटिस देकर एक-एक करके करीब 25 किसान नेताओं व किसानों को महिला थाने में जानकारी देने के लिए बुलाया गया। जिसमें 11 मई को किसान नेता योगेंद्र यादव के साथ योगिता सुहाग से पूछताछ की गई। 12 को जसबीर कौर, राजेंद्र सिंह से जानकारी एकत्र की गई। 13 मई को अमित सांगवान के साथ चितवन गोदारा से उनके पास मौजूद जानकारी ली गई। 14 मई को योगिता सुहाग के साथ कविता आर्य व 15 मई को श्रवण कौर के साथ हिम्मत सिंह से पूछताछ की गई। इसी तरह से 17 मई को सुमन हुड्डा के साथ अमरजीत सिंह व भूपेंद्र सिंह से पूछताछ करने के साथ साथ पुलिस को आरोपियों के बारे में काफी जानकारी एकत्रहो चुकी थी। इसके साथ 18 मई को प्रदीप धनखड़, 19 मई को अमरिक सिंह के साथ डाॅ. बलबीर व अशोक आर्य से पूछताछ की गई। 20 मई को जिया लाल व 21 मई को अमित कुमार तथा 21 सिमरन जोत सिंह से पूछताछ की गई। एक जून को सुमित, महेंद्र, जोगेंद्र सिंह वडा, नवकिरण सिंह से पूछताछ के बाद 3 जून को महिला थाने में गुरनाम सिंह, सुखविंद्र सिंह व 4 जून को प्रदीप सिंह से पूछताछ की गई। इसके बाद भिवानी जाल बिछाया।
