फरीदाबाद : [मिथलेश मिश्रा ] कोरोना महामारी में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने बीमित व्यक्तियों के परिवार को बड़ी राहत दी है। ESIC की ओर से कोरोना में जान गंवाने वाले बीमित और आश्रित परिवार के सदस्यों की मासिक पेंशन दी जाएगी। इसके साथ ही संक्रमित होने पर कंपनी से क्वारेंटीन रहने पर उनके वेतन का पूरा पैसा दिया जाएगा। जिले में करीब साढ़े पांच लाख ESIC कार्ड धारक है। कोरोना महामारी की दूसरी लहर में अनेक कार्ड धारकों ने अपने परिजनों को खोया है। इसके अलावा कई बीमित व्यक्ति कोरोना की जंग हार गए। ऐसे लोगों के लिए कर्मचारी राज्य बीमा निगम ने ESIC कोविड-19 राहत योजना की शुरुआत की है। इसके तहत श्रमिकों के लिए अतिरिक्त और अति विशेष लाभ दिए जाएंगे। जो व्यक्ति ESIC के ऑनलाइन पोर्टल में पंजीकृत हैं और कोरोना के कारण मृत्यु हो गई है, उनके परिवार को मासिक पेंशन के समान हितलाभ और उसी वेतनमान में प्राप्त करने का हकदार होगा। जैसा कि उन बीमाकृत व्यक्तियों के आश्रितों द्वारा प्राप्त किया जाता है। जिनकी मृत्यु नौकरी के दौरान होती है। बीमाकृत व्यक्ति, जो पात्रता शर्तों को पूरा करेंगे वह और उनके आश्रित, औसत दैनिक मजदूरी के 90 फीसदी की दर से मासिक भुगतान जीवनभर ले सकेंगे।
योजना के नियम
- मृतक बीमाकृत व्यक्ति को ईएसआईसी ऑनलाइन पोर्टल पर, कोविड -19 का निदान होने से तीन महीने पहले पंजीकृत होना जरूरी है।
- मृतक बीमाकृत व्यक्ति द्वारा कोविड-19 रोग से निदान होने की तारीख को रोजगार में होना चाहिए और कम से कम 70 दिन की अवधि के लिए अंशदान का भुगतान किया गया हो।
- मृत बीमाकृत व्यक्ति के संबंध में कोविड-19 के निदान (जिसके कारण मृत्यु हुई) से अधिकतम एक वर्ष पूर्व तक की अवधि में भुगतान किया हो।
आश्रितों को देगी राहत
ESIC अपने बीमित व्यक्तियों को विभिन्न चिकित्सा और कैश लाभ प्रदान करता है। कोविड महामारी के दौरान ESIC ने महामारी के शुरुआत से ही श्रमिकों को मदद दी है। इससे पहले अटल बीमित व्यक्ति कल्याण योजना को बीमित व्यक्ति को राहत देने के लिए शुरू किया गया था। जो कोविड के कारण बेरोजगार हो गए थे। अब ESIC कोविड-19 राहत योजना के रूप में एक बड़ी राहत शुरू की गई है। जो कोविड के कारण मरने वाले बीमित व्यक्तियों के आश्रितों को राहत देगी।
