फरीदाबाद : [मिथलेश मिश्रा ] अरावली वन क्षेत्र में बसी खोरी कॉलोनी में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर की जाने वाली दस हजार मकानों को तोड़ने की कार्रवाई को लेकर पुलिस विभाग ने गुरुवार को मौके पर रिहर्सल किया और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए रणनीति तैयार की। कहा जा रहा है कि कार्रवाई शुरू करने से 12 घंटे पहले खोरी कॉलोनी की ओर जाने वाले रास्ते को सील कर दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर आसपास के जिलों और दिल्ली पुलिस की भी मदद ली जा सकती है। चूंकि खोरी कॉलोनी दिल्ली की सीमा से लगती हुई है। ऐसे में दिल्ली पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने खोरी कॉलोनी में बने दस हजार मकानों को छह सप्ताह के अंदर तोड़ने का आदेश दिया है। साथ ही तोड़फोड़ करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आदेश पुलिस कमिश्नर को दिया है। चूंकि इन दस हजार घरों में करीब 50 हजार की आबादी है। ऐसे में इतने बड़ी आबादी के खिलाफ कार्रवाई करना पुलिस के लिए आसान नहीं होगा। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने रिहर्सल किया और उपद्रव होने की स्थिति में निपटने के लिए रणनीति तैयार की। उधर पुलिस कमिश्नर ओपी सिंह ने साफ कहा है कि किसी को कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। यदि किसी ने सरकारी कार्य में बाधा पैदा करने की कोशिश की तो पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by CSe.
