पलवल : पलवल के जटोला गांव स्थित साकेत फैब प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हुआ है। तेज धमाके के साथ हुए विस्फोट में कंपनी के कई कर्मचारी घायल हुए, जिनमें दो से तीन की हालत गंभीर थी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं सिलेंडर में विस्फोट के बाद कंपनी को बंद कर कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया और नाईट की शिफ्ट में आने वाले कर्मचारियों को भी कंपनी के अंदर नहीं घुसने दिया गया। जानकारी के मुताबिक, पलवल के ततारपुर रोड स्थित जटोला गांव स्थित साकेत फैब प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बड़े तेज धमाके के साथ गैस के दो सिलेंडर फट गए, जिससे वहां आसपास कम कर करने वाले कम से कम चार से पांच कर्मचारी घायल हो गए। जिनमें से दो से तीन की हालत गंभीर बताई गई है। धमाका इतना तेज था कि आधा किलोमीटर से दूर कंपनियां तक भी तेज आवाज सुनाई दी थी, जिसके कारण दूसरी कंपनियों के कर्मचारी भी अपनी अपनी कंपनी से बाहर निकल आए।
साकेत फैब प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि पास की एक दीवार फट गई तथा सिलेंडर कंपनी के शेड की छत को फाड़ते हुए जा निकला। कंपनी में कितना नुकसान हुआ उसके बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई और न ही कंपनी के सुरक्षा गार्डों ने कम्पनी के अदंर जाने दिया। कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि विस्फोट बहुत तीव्र धमाके के साथ हुआ था जिसमें 2 सिलेंडर फट गए। कर्मचारियों कंपनी प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों में कोताही बरतने के आरोप लगाए हैं वहीं कर्मचारियों को पूरा वेतन भी नहीं देने के आरोप लगाए हैं। बताया गया कि कर्मचारियों का पीएफ और ईएसआई के पैसे तो काट लिए जाते हैं लेकिन किसी भी कर्मचारी ना तो कोई ईएसआई कार्ड दिया हुआ है ना ही उनके खाते में प्रोविडेंट फंड के पैसे जमा कराए जाते हैं। वहीं समाजसेवी एवं आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेता कुलदीप कौशिक ने कंपनी प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस कंपनी में आए दिन हादसे होते ही रहते हैं। पिछले दिनों पास के देवली गांव युवक के कंपनी के अंदर हादसे में मौत हुई थी। उस समय मृतक के परिवार लोगों को मुआवजे में 1 मदद के लिए परिवार के लोगों को 12 लाख रुपए का चेक दिया गया था, लेकिन वह चेक बाउंस करा लिया गया और उसके बाद फिर मात्र 6 लाख रूपये परिवार के लोगों को सहारे के नाम पर दिए गए थे। उस समय परिवार के व्यक्ति की नौकरी लगाने के लिए भी कहा था लेकिन ना तो कोई व्यक्ति नौकरी पर लगाया और ना ही मृतक की पेंशन दी गई। उन्होंने स्थानीय प्रशासन पर भी आरोप लगाया कि प्रशासन के लोग कंपनी प्रबंधन से मिलकर कर्मचारियों का शोषण कराते हैं और उनकी आवाज को दबा दिया जाता है। कंपनियों में बाउंसर रखे जाते हैं जो किसी कर्मचारी को आवाज भी नहीं उठाने देते।
