बिठूर के संभरपुर गांव के मजरा मोहनपुरवा में बुधवार को एक युवक की चापड़ मारकर नृशंस हत्या कर दी गई। झोपड़ी में घुसकर हत्यारों ने वारदात को अंजाम दिया। शाम को जब उसका भाई घर पहुंचा तो खून से सना शव पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में आशनाई में वारदात को अंजाम देने का शक है। इसके अलावा भी कई अन्य बिंदुओं पर भी तफ्तीश जारी है। करीबी भी जांच के दायरे में हैं। मोहनपुरवा में सुरेश कुशवाहा उर्फ पुत्तन (28) मजदूरी करता था। गांव में वो झोपड़ी में रहता था। पड़ोस की एक झोपड़ी में दूसरे भाई रमेश और तीसरी झोपड़ी में तीसरा भाई राम सिंह का परिवार रहता है। रमेश के मुताबिक बुधवार शाम करीब छह बजे वो घर आया और साबुन लेने के लिए सुरेश की झोपड़ी में पहुंचा। वहां देखा कि सुरेश का शव खून से सना पड़ा है। गर्दन आधी कटी हुई थी। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से तमाम साक्ष्य जुटाए। एसीपी कल्याणपुर दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि सर्विलांस के साथ पुलिस की एक टीम हत्यारों की तलाश में लगाई गई है।
पीछे से गर्दन पर किए वार, हाथ में थमाया चापड़
हत्यारों ने सुरेश की गर्दन पर पीछे से वार पर वार किए थे। आधे से अधिक गर्दन कट गई थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि सुरेश के एक हाथ में चापड़ है। फोरेंसिक टीम और पुलिस के अफसरों का कहना है कि हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद खुद ही सुरेश के हाथ में चापड़ थमा दिया होगा। ताकि घटना खुदकुशी लगे। इससे पुलिस को आशंका है कि वारदात के पीछे कोई शातिर अपराधी नहीं है।
शराब, मीट की थी पार्टी
घटनास्थल से पुलिस को शराब और कच्चा मीट मिला है। जिसकी मात्रा काफी अधिक थी। इससे पुलिस को अंदेशा है कि सुरेश के साथ कई और लोग नॉनवेज खाने और शराब पीने आए थे या आने वाले थे। पुलिस सुरेश के करीबियों, दोस्तों का ब्योरा खंगाल रही है। घटनास्थल से एक आधी भरी शराब की बोतल भी मिली है।
आशनाई के बिंदु पर सबसे अधिक शक
पांच साल पहले ईश्वरीगंज में किराये के मकान में सुरेश रहता था। वहां पर वो एक किशोरी को बहला फुसलाकर लेकर चला गया था। जिसमें वो जेल भी गया था। जमानत पर छूटने के बाद से वो अपने गांव में रहने लगा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक महिला से सुरेश के संबंध थे। वारदात के बाद से महिला परिवार समेत फरार है। इसलिए पुलिस को आशनाई में हत्या का शक है।
एक झोपड़ी से दूसरी झोपड़ी तक नहीं सुनाई दी चीख
सुरेश की शादी नहीं हुई थी। लिहाजा वो झोपड़ी में अकेला रहता था। उससे सटी झोपड़ी में उसके दो भाइयों के परिवार रहते थे। एक भाई रमेश तो काम पर गया था। लेकिन दूसरा भाई राम सिंह व उसका परिवार वहीं पर था। इन सभी का कहना है कि उनको घटना के बारे में कुछ पता ही नहीं चला। ये बात किसी के गले नहीं उतर रही है। इतनी नृशंस तरीके से सुरेश को मारा गया और उसकी चीख पुकार उनको न सुनाई देना कई सवाल खड़े करता है। तफ्तीश जारी है।
News source from : amarujala
