फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] ग्रेटर फरीदाबाद में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सुबह योगा करते समय छठी मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। उसने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान आरपीएस शिवाना आवासीय सोसायटी टॉवर बी-टू निवासी 40 वर्षीय नीरज के रूप में हुई है। जांच अधिकारी बलराम यादव ने बताया कि नीरज परिवार समेत यहां रहते थे। बुधवार रात को नौकरी से देर से लौटे थे। इसलिए गुरुवार सुबह सवा 10 बजे उठने के बाद वह छठी मंजिल पर बने अपने फ्लैट की बालकनी में योगा करने के लिए गए थे। पास में परिजन भी बैठे थे। तभी अचानक नीरज का बैलेंस बिगड़ गया और वह नीचे गिर गए। इससे उनकी मौत हो गई।
