फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] हरियाणा के खोरी गांव में अवैध दस हजार मकानों को हटाने के लिए आए कोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली सरकार के अधिकारियों की आवाजाही भी बढ़ गई है। शुक्रवार को यहां दिल्ली वन विभाग की टीम ने निशानदेही की। लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसके चलते शनिवार को दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग और वन विभाग की टीम संबंधित इलाके की पैमाइश करने पहुंची। हालांकि, टीम ने इस दौरान निशानदेही नहीं की, मगर फीता के जरिये पैमाइश की गई। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। हरियाणा के खोरी गांव में अपनी सीमा की पहचान में जुटी दिल्ली के सरकारी महकमों की टीम के रवैये से स्थानीय लोग बेहद नाराज हैं। 15 जून को बिना पूर्व सूचना के बिजली के कनेक्शन काटने, 18 जून को दिल्ली वन विभाग की तरफ से की गई निशानदेही और फिर शनिवार को दिल्ली के राजस्व और वन विभाग की टीम की संयुक्त पैमाइश के दौरान संबंधित टीम के सदस्यों ने स्थानीय लोगों से बातचीत नहीं की। न ही उनके सवालों का जवाब दिए। इससे लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। विशेष रूप से ऐसे लोग ज्यादा आक्रोशित हैं, जिनका घर हरियाणा की सीमा में दर्शा दिया गया है। नेतराम, रणबीर, दुर्गा प्रसाद आदि का कहना है कि यहां उन्होंने अपनी जिंदगी भर की कमाई लगा दी और अब तक दिल्ली के निवासी के रूप में वक्त गुजारा, लेकिन आए दिन हो रही निशानदेही की वजह से उनकी परेशानी बढ़ती जा रही है। लोग असमंजस में हैं कि ऐसे में किस से बात करके अपने सवालों का जवाब लें ताकि उनको तसल्ली हो और सही जानकारी मिले। दिल्ली सरकार की तरफ से दिल्ली-हरियाणा सीमा पर दो दिन से चल रही निशानदेही के चलते दिल्ली पुलिस भी सख्त हो रही है। यहां आने वाली टीमों को पुलिस सुरक्षा के घेरे में रखती है। स्थानीय लोगों को उनसे बातचीत नहीं करने देती है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by CSe.
