नेशनल हाईवे पर एक ढाबा मालिक को बाइक सवार बादमाश मारने आए थे, लेकिन उसके न मिलने पर रसोइए की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद ढाबे के गल्ले से 10 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। हत्या व लूट के बाद आरोपियों ने ढाबा मालिक को फोन कर कहा 50 हजार रुपए नहीं दिए तो तेरे सिर में गोली मारेंगे। पुलिस ने मृतक के मामा के लड़के की शिकायत पर चार नामजद बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कैंप थाने में मेरठ जिले के गांव बवनपुरा निवासी मोहित ने दी शिकायत में कहा कि उनकी बुआ का बेटा मेरठ के गांव नानपुर निवासी अमित दो-ढाई माह से पवन ट्रक ढाबा पर रोटी बनाने का कार्य करता था। शनिवार रात करीब डेढ़ बजे जब वे ढाबे को बंद कर रहे थे तभी दो बाइक पर श्याम ठाकुर, सोनू उर्फ कलुआ, सुशांत व एक अन्य युवक वहां पहुंच गए। इन्होंने बाइक रोकते ही कहा कि ढाबा मालिक पवन कहां है उसे आज ठिकाने लगाना है। इतना कहते ही श्याम ठाकुर ने अपनी जेब से पिस्तौल निकाली और अमित को गोली मार दी। गोली अमित के पेट में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद मोहित वहां से भागने लगा तो आरोपियों ने उस पर भी गोली चलाई, लेकिन वह बच गया। आरोपी ढाबे के गुल्लक में रखे करीब 10-11 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। उन्होंने तुरंत ढाबा मालिक पवन को फोन कर बताया। साथ ही घायल अमित को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां रविवार उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद मांगी फिरौती
ढाबा मालिक ने पुलिस को दी फोन रिकॉर्डिंग के अनुसार हत्या व लूट के बाद आरोपी फरार हो गए। इसके बाद आरोपियों ने ढाबा मालिक पवन के फोन पर कहा यदि कल दोपहर 12 बजे तक 50 हजार रुपए नहीं दिए तो अमित के तो पेट में गोली मारी है, तेरे सिर में गोली मारेंगे। इससे ढाबा मालिक पवन घबराए हुए हैं।
