हरियाणा सरकार ने पौधों की देखभाल एवं पालन पोषण करने वाले छात्रों को अतिरिक्त अंक देने का फैसला किया है। राज्य के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने रविवार को यह घोषणा की। नई अंक नीति के तहत आठवीं से 12वीं तक के छात्रों को पौधों की देखभाल और पालन-पोषण करने पर परीक्षा में अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने नेचर कैंप थापली स्थित पंचकर्म वेलनेस सेंटर का भी उद्घाटन किया। मनोहरलाल ने डिजिटल रूप से नक्षत्र वाटिका, नवग्रह वाटिका और राशि वन, जिसे सामूहिक रूप से अंतरिक्ष वन के नाम से जाना जाता है, का भी शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में इस समय 23 पंचकर्म केंद्र कार्य कर रहे हैं। 24वें केंद्र का रविवार को उद्घाटन किया गया। राज्य में 500 योगशालाएं और व्यायामशालाएं भी संचालन में हैं। सरकार का लक्ष्य और अधिक पंचकर्म केंद्र खोलना है। मनोहरलाल ने बताया कि हरियाणा में इस वर्ष तीन करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे राज्य की आबोहवा सुधारने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंचकूला और उसके आसपास के क्षेत्रों की एकीकृत विकास योजना से स्थानीय लोगों को रोजगार के अनेक अवसर मिलेंगे। इनसे पंचकूला को विकसित शहर बनाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने ऑक्सी वन की अवधारणा को बढ़ावा देने की पहल के तहत 75 वर्ष से अधिक आयु के पेड़ों के संरक्षक को 2500 रुपये प्रति वर्ष पेंशन देने की भी घोषणा की।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by CSe.
