गुरुग्राम : हरियाणा के गुरुग्राम जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां झूठी शान के लिए एक युवक की हत्या (Murder of a young man) कर दी गई. 19 साल के युवक की बेरहमी से पीटा गया जिससे उसकी मौत हो गई. युवक को नाबालिग से प्यार के बदले मौत (death for love) की सजा दी गई. प्रेम प्रसंग का पता चलने पर लड़की के पिता और उसके भाइयों ने उसकी पीट-पीट हत्या कर दी. सेक्टर-40 थाना पुलिस ने मां के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर पिता और उसके भांजे के साथ दो दोस्तों को सोमवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया है मृतक युवक के पिता ने बताया कि वो सेक्टर-40 थाना क्षेत्र में गांव नाहरपुररूपा के रहने वाले हैं. उसके 5 बच्चे हैं जिनमे तीन बेटियां और दो बेटा है. उसका बड़ा लड़का नरेंद्र उर्फ नितिन (19) और छोटा बेटा कृष (13) है. रविवार को नरेंद्र की प्रेमिका के बुआ के लड़के वरुण ने उसे फोन करके ग्रीन वुड सिटी सेक्टर-45 बुलाया. जहां पर विनयपाल, मानसिंह, बोधन व वरुण व सात से आठ अन्य व्यक्तियों ने मिलकर नरेंद्र के साथ मारपीट की. उसके शरीर पर लाठी-डंडों से चोट के निशान हैं. आरोपी पीटने के बाद उसे मरा हुआ समझकर वहीं छोड़ कर चले गए.
शरीर पर चोट के निशान
मृतक की मां ने बताया कि उनके दामाद मगंलसिंह के पास बेटे के फोन से लोकेशन आई. लोकेशन आने के बाद वह और उनके दामाद ग्रीन वुड सिटी सेक्टर-45 गुरुग्राम पहुंचे. वहां पहुंचकर देखा कि नरेंद्र रोड पर पड़ा हुआ है. उसके दोनों हाथ, पैरों व पीठ पर चोट के निशान हैं. वो उसे अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज क दौरान उसकी मौत हो गई.
आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी पुलिस
पुलिस जांच में पता चला है कि लड़की नाबालिग है और उसके पिता का अनाज मंडी में आढ़त का काम है. सेक्टर-40 थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता मान सिंह, फुफेरे भाई वरुण व उसके दोस्त प्रदीप ठाकरान व कुलताज को गिरफ्तार किया है. पुलिस चारों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी.
