फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] चेतावनी के बाद भी कुछ विभागों में पब्लिक का काम समय पर नहीं हो रहा है। ऐसे विभागों के अधिकारियों के खिलाफ सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह चेतावनी डीसी यशपाल यादव ने देते हुए ऐसे विभागों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। डीसी मंगलवार को सभी विभागों की मीटिंग ले रहे थे।
ई ऑफिस सरकार की महत्वपूर्ण योजना
इसमें उन्होंने सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि जनता को समय पर विभाग की सेवाएं प्रदान करना सूचना का अधिकार अधिनियम के दायरे में आता है। उन्होंने कहा इसमें लापरवाही करने पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने सबसे पहले ई-ऑफिस की समीक्षा करते हुए कहा कि यह सरकार की महत्वपूर्ण योजना है और सभी कार्यालयों को पेपर फ्री और समय की बचत के साथ कार्य करने के लिए इसे शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कुछ विभाग ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक ऑफिस की शुरुआत नहीं की। उन्होंने कहा इन सभी विभागों को रविवार को एक विशेष सत्र आयोजित कर प्रशिक्षण दिया जाए ताकि वह ई ऑफिस का कार्य बेहतर ढंग से कर सकें।
शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए:
सोशल मीडिया ग्रीवांस ट्रैकर की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आने वाली शिकायतों को भी गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा जिन विभागों की पेंडेंसी है वे समय पर इसे दूर करें। इसके साथ ही मीटिंग में ई टिकट सहित अन्य सभी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। डीसी ने कहा प्रत्येक विभाग प्रतिदिन अपने विभाग के कार्यों की समीक्षा करें। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक कार्य समय पर हो और अगर कोई कर्मचारी इसमें लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए। डीसी ने कहा जून की समीक्षा जुलाई के प्रथम सप्ताह में होगी। अगर किसी विभाग में सुधार नहीं पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मीटिंग में एडीसी सतवीर सिंह मान, एसडीएम फरीदाबाद परमजीत सिंह चहल, एसडीएम बड़खल पंकज सेतिया, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त नवदीप, एचएसवीपी के कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार, सीएमजीजीए रूपाला सक्सेना सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
