तीनों कृषि कानूनों के विरोध में शनिवार को किसानों ने खेती बचाओ, लोकतंत्र बचाओ दिवस मनाया। हरियाणा-पंजाब से पहुंचे किसानों ने पंचकूला में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब 4 घंटे से ज्यादा समय तक पंचकूला के बॉर्डर से लेकर मुख्य सड़कें बंद रहीं। शाम 4 बजे के बाद जीरकपुर-शिमला हाईवे और पंचकूला-यमुनानगर हाईवे पर ट्रैफिक का आना-जाना शुरू हो गया। इसके अलावा कुंडली व बहादुरगढ़ में दिल्ली बॉर्डरों पर डटे किसानों ने भी प्रदर्शन कर नारेबाजी की। पंचकूला में हरियाणा व पंजाब से आए करीब 1500 किसान सुबह 11 बजे तक नाडा साहिब गुरुद्वारे में इकट्ठा हुए थे। किसान नेता चढ़ूनी के लेट आने की वजह से सभी किसान दोपहर 12:30 बजे नाडा साहिब से हाउसिंग बोर्ड की ओर चले। करीब एक घंटे में किसान पंचकूला और चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड बॉर्डर से 200 मीटर पहले सेक्टर-18 मेजर संदीप सागर चौक पर जा पहुंचे। वहां पर किसान नेता चढ़ूनी और योगेंद्र यादव ने किसानों को संबोधित किया और गवर्नर के नाम एडीसी मोहम्मद इमरान रजा को ज्ञापन दिया।उसके बाद दोपहर करीब 2:30 बजे गुरनाम चढ़ूनी ने बिजली बिल को लेकर शक्ति भवन का घेराव करने की घोषणा करते हुए सभी किसानों को शक्ति भवन की बिल्डिंग के बाहर पहुंचने को कहा, लेकिन पुलिस ने सभी किसानों को शक्ति भवन चौक पर ही रोक लिया। शाम 5:32 मिनट पर खबर लिखे जाने तक सेक्टर-6 शक्ति भवन चौक पर 50 के करीब किसान मौजूद थे और किसान नेता चढ़ूनी के साथ 5 किसानों का प्रतिनिधिमंडल शक्ति भवन में अधिकारियों से बिजली बिलों को लेकर मुलाकात करने के लिए गए थे।
प्रशासन की नाराजगी
सुबह 11.30 बजे किसान नेता चढ़ूनी व योगेंद्र यादव से जिला प्रशासन अधिकारियों की बात हुई कि हाउसिंग बोर्ड की ओर कूच करने के दौरान सिर्फ 3 ट्रालियां होंगी, जिनमें पानी व खाना होगा। इसके बाद किसान शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए 100 से ज्यादा वाहन लेकर पहुंच गए, जिनमें बस, ट्राॅलियां, ट्रैक्टर, कार, जीप शामिल था।
कुछ किसान हुए नाराज
दोपहर करीब 2 बजे गवर्नर के नाम किसान नेताओं ने एडीसी मोहम्मद इमरान रजा को ज्ञापन दिया, जिसके बाद हरियाणा से आए किसानों के एक वर्ग ने नाराजगी जाहिर की कि उसे ज्ञापन देने के समय पर क्यों नहीं बुलाया गया। हालांकि बाद में उन किसानों को समझा-बुझाकर उन्हें शांत किया गया।
